अंबेडकरनगर। अकबरपुर क्षेत्र में एनएच 128 पर पहितीपुर श्रवण क्षेत्र तिराहे के निकट शनिवार को हुईं दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में बुजुर्ग की मौत हो गई। वहीं एक कार सवार युवक को मामूली चोट आई है।
अकबरपुर के बंदनडीह निवासी रामकिंकर के मुताबिक उनके बड़े भाई जगदंबा प्रसाद पांडेय (60) की पहितीपुर में साइकिल की दुकान थी। शनिवार सुबह करीब 8 बजे दुकान खोलने के बाद वह सड़क पार कर चाय पीने जा रहे थे। इसी दौरान, अकबरपुर से महरूआ की ओर जा रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। जगदंबा प्रसाद वाहन के नीचे फंस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों ने बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल भेजा। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में ले लिया है, लेकिन चालक भाग निकला।
इससे करीब 100 मीटर की दूरी एक कार चालक अचानक सामने आए साइकिल सवार को बचाने की कोशिश में अपना नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से जा टकराई। कार का अगला हिस्सा ट्रेलर के नीचे फंस गया। एयरबैग खुल जाने से चालक को मामूली चोटें आईं और वह सुरक्षित बच निकला। स्थानीय लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला गया, हल्की चोटें ही आईं। इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।