जैतपुर के प्राथमिक विद्यालय गोविंदपुर के पास दुर्घटना के बाद पलटी कार।
जलालपुर (अंबेडकरनगर)। जैतपुर के गोविंदपुर गांव के पास सोमवार सुबह शौच के लिए जा रहे बुजुर्ग एक तेज रफ्तार कार से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के दौरान कार अनियंत्रित होकर पलट गई, हालांकि चालक बच गया। आनन फानन स्थानीय लोगों की मदद से बुजुर्ग को सीएचसी भेजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक के विरुद्ध लापरवाही से वाहन चलाने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
जैतपुर के महमूदपुर निवासी विक्रमादित्य (67) वर्ष किसान थे। सोमवार सुबह करीब पांच बजे घर से शौच जाने के लिए निकले थे। जलालपुर-रामगढ़ मार्ग पर स्थित प्राथमिक विद्यालय गोविंदपुर के पास तेज रफ्तार कार से उनकी टक्कर हो गई और हादसे में कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में विक्रमादित्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना देकर विक्रमादित्य को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस बीच ग्रामीणों ने कार चालक कोपा निवासी कुनाल सिंह को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मृतक के छोटे भाई राममिलन ने चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर चालक व वाहन को कब्जे में ले लिया है। हादसे की खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की तीन बेटियां सरिता, सविता और सिंपल का विवाह हाे चुका है। बड़ा बेटा दिलीप शाहगंज में लोहा मिल में काम करता है, जबकि छोटा बेटा सुजीत कुमार (25) दिव्यांग है और गांव में ही चाय की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी लालमति बेसुध हो गईं। थाना प्रभारी वंदना अग्रहरि ने बताया कि चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।