जिला अस्पताल में भर्ती डायरिया पीड़ित मरीज। -संवाद
अंबेडकरनगर। भीषण गर्मी के बीच डायरिया का प्रकोप भी तेजी से बढ़ने लगा है। रविवार को डायरिया से पीड़ित आठ नए मरीजों को इमरजेंसी में भर्ती कराया गया।
आसमान से बरसती आग के बीच जिले में संचारी रोग भी तेजी से बढ़ रहे हैं। लगभग प्रतिदिन डायरिया से पीड़ित बड़ी संख्या में मरीज जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। रविवार को अवकाश के बीच डायरिया से पीड़ित आठ नए मरीज इमरजेंसी में भर्ती कराए गए।
जिला अस्पताल प्रशासन के अनुसार मुन्ना यादव (45) निवासी आदमपुर हिंदौली, रघुराजी देवी (62) निवासी कश्मीरिया टांडा, राहुल (30) निवासी रगड़गंज, कंचन (25) निवासी रतनपुर, रामनरेश (42) निवासी शहजादपुर, रामउजागिर (38) निवासी केदारनगर, विनोद (26) निवासी पटेलनगर अकबरपुर, रामतेज (55) निवासी असोपुर टांडा को डायरिया से पीड़ित होने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उधर सीएमएस डॉ. ओमप्रकाश ने कहा कि डायरिया से बचने के लिए पूरी तरह से एहतियात बरतें। चिकनी व मसालेदार खाद्य सामग्रियों का सेवन कतई न करें। शरीर में पानी की कमी न होने दें। यदि डायरिया के लक्षण हों तो ओआरएस का घोल लेने के साथ ही तत्काल इलाज कराएं।