कांदीपुर गांव के पास एक कार ने शुक्रवार शाम बाइक में जोरदार टक्कर मार दी जिससे दो युवक घायल हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर होने पर ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। उधर, अन्य दुर्घटनाओं में छह लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। किसी भी घायल बाइक सवार ने हेल्मेट नहीं पहना था।
थाना क्षेत्र सम्मनपुर अंतर्गत कटघरमूसा गांव निवासी नूरमोहम्मद (32) व कलीम (30) शुक्रवार शाम एक ही बाइक से पट्टी चौराहा जा रहे थे। कांदीपुर गांव के मोड़ पर कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे दोनों बाइक सवार युवक घायल हो गए।
दोनों घायलों को तत्काल सीएचसी नगपुर ले जाया गया, जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए नूरमोहम्मद को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। थाना क्षेत्र बसखारी के ददवा ओझा कापूरा गांव निवासी धर्मेंद्र (22) व जितेंद्र (18) पुत्रगण हौसिला प्रसाद गुरुवार दोपहर बाइक से बसखारी की तरफ आ रहे थे।
बाजार के पहले ही उनकी बाइक से एक अन्य बाइक भिड़ गई जिससे दोनों घायल हो गए। बाजार वासियों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जाता है कि प्राथमिक उपचार के बाद भी उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
वहीं, सम्मनपुर थाना क्षेत्र के अशरफपुर निवासी विजय (28) पुत्र राजकुमार व अशोक (35) पुत्र छैलू गुरुवार देर शाम कुर्की बाजार के निकट मार्ग दुर्घटना के शिकार हो गए। उनकी बाइक में एक चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी जिससे वह घायल हो गए। दोनों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
उधर, अहिरौली थाना क्षेत्र के दिलावलपुर निवासी याकूब (7) पुत्र इकबाल शुक्रवार सुबह बाइक की चपेट में आकर घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बहलोलपुर निवासी इंद्रप्रसाद (45) पुत्र धर्मराज गुरुवार देर शाम अकबरपुर की तरफ आ रहा था।
बसखारी से कुछ दूर आगे एक वाहन से पास लेने के दौरान वह अनियंत्रित होकर गिर पड़ा जिससे उसे गंभीर चोटें आ गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। घायल बाइक सवारों ने हेल्मेट नहीं पहना था।