विभिन्न मार्ग दुर्घटनाओं में दो वृद्ध समेत आठ लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से एक को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। किसी भी घायल बाइक सवार ने हेल्मेट नहीं पहना था।
टांडा थाना क्षेत्र अंतर्गत देवहट गांव निवासी निरंजन (28) पुत्र जोखनराम अपनी पत्नी सुमन (26) के साथ रविवार देर शाम बाइक से टांडा से घर जाते समय गांव के निकट पहुंचने पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर लगने से घायल हो गए। जिला अस्पताल में निरंजन की हालत गंभीर बनी हुई है।
वहीं मालीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत करमिसिरपुर गांव निवासी संतलाल (50) पुत्र त्रिलोकी सोमवार सुबह बाइक से अकबरपुर आते समय नगर के निकट पहुंचने पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया।
उधर, अहिरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत यरकी गांव निवासी रामू (36) पुत्र जसई रविवार देर शाम बाइक से अहिरौली से घर जाते समय गांव के निकट पहुंचने पर तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर लगने से घायल हो गया।
इसी थाना क्षेत्र अंतर्गत मरथुआ सरैया गांव निवासी खुशीराम (35) पुत्र सुखई सोमवार सुबह बाइक से अकबरपुर आते समय नगर के निकट पहुंचने पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। वहीं, मालीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्यानपुर गांव निवासिनी केवला देवी (70) पत्नी रामराज सोमवार सुबह घर के निकट सड़क पार करते समय तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर लगने से घायल हो गई।
उसे जिला अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। उधर, हंसवर थाना क्षेत्र अंतर्गत दुल्लापुर गांव निवासी संदीप (28) पुत्र रामप्रसाद सोमवार सुबह तेज रफ्तार बाइक से हंसवर जाते समय बाजार के निकट पहुंचने पर तेज रफ्तार जीप की टक्कर लगने से घायल हो गया।
इनके अलावा महरुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत नरसिंह दासपुर गांव निवासी रामबरन (61) पुत्र बुधई रविवार देर शाम घर के निकट सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाइक सवार घायलों ने हेल्मेट नहीं लगा रखा था।