अंबेडकरनगर। आलापुर तहसील क्षेत्र के रामनगर में अब जल्द ही 100 बेड के अस्पताल की उम्मीद पूरी होती दिख रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर जमीन खोज ली गई है। अब केवल शासन से अस्पताल की स्वीकृति मिलने का इंतजार है।
तहसील में वेसे तो सीएचसी व पीएचसी की सुविधा है, लेकिन बड़े अस्पताल की जरूरत लंबे समय से बनी हुई है। ऐसा इसलिए क्योंकि यहां मरीजों की स्थिति गंभीर होने पर लोगों को इलाज के लिए भटकना पड़ता है। ऐसे में कई बार लोगों को काफी मुश्किलें भी हो जाती हैं। इसी सबको देखते हुए भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष व अयोध्या जिला प्रभारी मिथिलेश त्रिपाठी ने पिछले वर्ष प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री व उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से सौ शैय्या के अस्पताल निर्माण की मांग की थी। विभाग की ओर से अस्पताल के बनाने के लिए जमीन की तलाश कर ली गई है। इसके निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भी भेजा गया है। सीएमओ डॉ. संजय कुमार शैवाल ने बताया कि विभाग के पास जमीन है। शासन से स्वीकृति मिलते ही निर्माण कराया जाएगा।