अंबेडकरनगर के एनटीपीसी में अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत आयोजित प्रतियोगिता के विजयी छात्र को पुरस्कृत करते समूह महाप्रबंधक।
- फोटो : अमर उजाला
एनटीपीसी टांडा में अग्निशमन सेवा सप्ताह का बुुधवार को समापन हुआ। समूह महाप्रबंधक ने सुरक्षा व संरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि आग से बचाव के तौर-तरीकों की जानकारी सभी को होना चाहिए।
गौरतलब है कि अग्निशमन सप्ताह का शुभारंभ 14 अप्रैल को हुआ था। इस दौरान मुख्य प्लांट परिसर के अलावा आवासीय परिसर, निकटवर्ती विद्यालय तथा आसपास के ग्रामीणों को लगातार आग से बचाव को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं के बीच इसे लेकर विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।
सप्ताह के दौरान केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों ने एयर क्रॉफ्ट का रिहायशी इलाकों में गिरने, केबल गैलरी में आग लगने, वहां फंसे लोगों को बचाने, ब्लॉस्ट होने के बाद मौके पर नियंत्रण करने आदि हैरतअंगेज विधियों का विस्तार से प्रदर्शन किया।
बुुधवार को अग्निशमन सप्ताह का समापन करते हुए मुख्य अतिथि मनोज सक्सेना ने औद्योगिक बल के प्रयासों की सराहना की और कहा कि हमें पर्याप्त सजगता बरत कर आग से होने वाले खतरे पर काबू पाना चाहिए। उप कमांडेंट संजीत कुमार ने आग से बचाव को लेकर विस्तार से जानकारी दी।
अपर महाप्रबंधक मानव संसाधन विनय शर्मा ने अग्निशमन कर्मियों के प्रयासों की सराहना की। बाद में प्रतियोगिता के विजयी छात्र-छात्राओं व अन्य प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर सहायक कमांडेंट अग्नि ध्यान सिंह व निरीक्षक मोहम्मद शाहिद आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।