अंबेडकरनगर। कोरोना संकट के चलते लगभग साढ़े चार माह बाद माध्यमिक स्कूलों में 16 अगस्त से कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाओं का संचालन फिर से प्रारंभ होगा। सभी पांच तहसीलों में स्थित 373 स्कूलों को खोले जाने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से निर्देश जारी कर दिए गए हैं। दो अलग-अलग पालियों में बच्चों की पढ़ाई सुबह आठ बजे से अपराह्न साढ़े चार बजे तक होगी। इस दौरान कोरोना प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन कराया जाएगा।
लंबे इंतजार के बाद फिर से माध्यमिक स्तर की कक्षाओं का संचालन 16 अगस्त से होने जा रहा है। कोरोना संकट के चलते बीती 25 मार्च से सभी विद्यालयों को बंद करने का निर्देश सरकार ने दिया था। अब जबकि कोरोना के मामलों में तेजी से कमी आई है। इसे देखते हुए शासन ने फिर से माध्यमिक स्तर तक की कक्षाओं का संचालन करने का निर्णय लिया है।
मंगलवार को शासन की ओर से जारी दिशा निर्देश में कहा गया कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सभी विद्यालयों में झंडारोहण का कार्यक्रम होगा। इसके लिए सीमित समयावधि के लिए छात्र-छात्राओं को विद्यालय बुलाया जाएगा। शासन के इस निर्देश के बाद जिले में 373 माध्यमिक स्कूलों को फिर से खोले जाने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
डीआईओएस उदयप्रकाश मिश्र ने बताया कि 16 अगस्त से सुचारु रूप से कक्षा 9 से कक्षा 12 तक की कक्षाओं का संचालन प्रारंभ कर दिया जाएगा। शिक्षण कार्य कोरोना प्रोटोकॉल के बीच होगा। शासन के निर्देशानुसार शनिवार व रविवार को छोड़कर सोमवार से शुक्रवार तक प्रतिदिन दो पॉलियों में कक्षाओं का संचालन होगा। पहली पाली सुबह 8 से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली साढ़े 12 बजे से अपराह्न साढ़े चार बजे तक संचालित होगी। प्रत्येक पाली में प्रत्येक कक्षा में 50 प्रतिशत छात्र-छात्राओं की उपस्थिति होगी। इस संबंध में सभी विद्यालयों को पत्र भेजकर दिशा निर्देश दिए जा रहे हैं। इन निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
15 को विद्यालयों में होगा ध्वजारोहण
सभी माध्यमिक विद्यालयों में 15 अगस्त को विधिवत ध्वजारोहण कराया जाएगा। इसमें सभी शिक्षकों के साथ ही कुछ छात्र-छात्राओं को भी बुलाया जाएगा। यह कार्यक्रम बेहतर ढंग से हो, इसके निर्देश भी सभी संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्यों को दे दिए गए हैं। 15 अगस्त को होने वाले आयोजन के अगले दिन से शासन के निर्देशों के अनुरूप कक्षाओं का संचालन शुरू होगा।
खिले छात्र-छात्राओं के चेहरे
ऑनलाइन पढ़ाई ठीक ढंग से न हो पाने के चलते परेशान छात्र-छात्राओं के चेहरे शासन के निर्णय से खिल उठे। कक्षा नौ के छात्र नीरज वर्मा ने कहा कि किसी तरह ऑनलाइन पढ़ाई हो रही थी। अब कक्षा में जाकर प्रत्यक्ष तौर पर पढ़ाई का मौका मिलेगा। इससे विभिन्न विषयों को आसानी से समझा जा सकेगा। कक्षा 11 की छात्रा विनीता चतुर्वेदी ने कहा कि स्कूल खुलने का इंतजार हमें काफी समय से था। जब अन्य चीजों पर रोक हट रही थी, उसी समय ही विद्यालय खोल दिए जाने थे। कक्षा दस के छात्र अरिहंत व सुशील का कहना था कि आने वाले समय में बोर्ड परीक्षा देनी है। अब विद्यालय खुल रहा है। कई जगहों पर अब अध्यापकों से आमने सामने से आसानी से चर्चा हो सकेगी। इसी तरह कई अन्य छात्र-छात्राओं ने भी विद्यालय खुलने को लेकर खुशी का इजहार किया।