अंबेडकरनगर। कटेहरी ब्लॉक के अशरफपुर बरवां क्षेत्र में पढ़ाई कर रही बेटियों के लिए राहत भरी खबर है। करीब 6 साल बाद उनके खुद के स्कूल भवन का सपना जल्द ही पूरा होगा। लगभग 70 लाख की लागत से निर्माणाधीन राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भवन जुलाई माह तक बनकर पूरा हो जाएगा। वर्तमान में विद्यालय अशरफपुर बरवां के उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर में संचालित हो रहा है। भवन न मिल पाने के चलते अभी सिर्फ कक्षा 9 व 10 का ही संचालन हो रहा है। निर्माण इकाई की लापरवाही के चलते भवन निर्माण में काफी समय लगा है।
वर्ष 2015-16 में तात्कालिक सरकार ने कटेहरी विकास खंड क्षेत्र के अशरफपुर बरवां में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। कॉलेज निर्माण के लिए करीब 70 लाख रुपए की स्वीकृति दी गयी। इसके निर्माण का जिम्मा उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद निर्माण खंड अयोध्या भाग दो को सौंपा गया। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद प्रदेश में सत्ता बदल जाने से निर्माण कार्य की रफ्तार भी सुस्त पड़ गयी।
इसी कारण भवन निर्माण कार्य पूरा करने में निर्माण इकाई को करीब 7 साल का समय लग गया। कार्यदायी संस्था का दावा है कि मई माह में निर्माण कार्य पूरा कर भवन माध्यमिक शिक्षा विभाग को हैंडओवर कर दिया जाएगा। ऐसे में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में अध्यनरत बालिकाओं को जुलाई माह से नए भवन में शिक्षण कार्य ग्रहण करने का मौका मिलेगा।
फिलहाल दूसरे विद्यालय में चल रहीं कक्षाएं
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अशरफपुर बरवां की प्रधानाचार्या शीरीन सिद्दीकी ने बताया कि अभी कॉलेज का अपना भवन तैयार नही हुआ है। विद्यालय का संचालन सत्र 2016-17 से उच्च प्राथमिक विद्यालय अशरफपुर बरवां के दो कक्ष में हो रहा है। अभी केवल 9 व 10 की कक्षाएं संचालित हो रही हैं। मौजूदा समय में कॉलेज में कुल 104 छात्राएं पंजीकृत हैं। तीन शिक्षकों की तैनाती भी है। लगातार छात्राओं की संख्या बढ़ रही है। कॉलेज को अपना भवन मिलने के बाद छात्राओं की संख्या में और इजाफा होगा।
मानकों की अनदेखी का आरोप
अशरफपुर बरवां में बन रहे राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भवन के निर्माण में स्थानीय ग्रामीणों ने मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है। कहा कि विद्यालय भवन जिस स्थान पर बना है, वह तराई क्षेत्र है। ऐसे में बारिश के समय यहां बड़े पैमाने पर जलभराव होता है। इसके बावजूद भवन की बीम काफी नीचे लगायी गई है। इससे बारिश के समय में न सिर्फ विद्यालय परिसर में बल्कि कमरों तक पानी के पहुंचने का खतरा है।
तेजी से हो रहा निर्माण कार्य
विद्यालय भवन निर्माण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। धनराशि मिलने में विलंब होने के चलते भवन निर्माण में देरी हुई। फिलहाल भवन निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। अन्य कार्यों को भी पूरा कराया जा रहा है। मई माह में कार्य पूरा कर भवन हैंडओवर कर दिया जाएगा।
घनश्याम वर्मा जेई आवास विकास परिषद निर्माण