अंबेडकरनगर। आईसीएसई व आईसीएस का शुक्रवार को निकले परीक्षा परिणाम में सेंट पीटर्स अकबरपुर के हर्ष यादव ने 99 प्रतिशत अंक, तो इसी विद्यालय की हाईस्कूल की छात्रा विदुषि व स्तुति ने 97.6 प्रतिशत अंक हासिल कर जिला टॉप किया। आईसीएसई बोर्ड के मात्र दो विद्यषलय सेंट पीटर्स स्कूल अकबरपुर व इन्फैंट इंडिया इंटरनेशनल स्कूल किछौछा का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा।
परिणाम आने के बाद सफल हुए छात्र-छात्राओं ने खुशी का इजहार किया। छात्र-छात्राओं व उनके अभिभावकों को बधाई देने का जो सिलसिला शुरू हुआ, वह देर शाम तक चलता रहा।
आईसीएसई व आईसीएस के शुक्रवार को निकले परिणाम ने जिले के दो विद्यालय सेंट पीटर्स स्कूल अकबरपुर व इंफैंट इंडिया इंटरनेशनल स्कूल किछौछा बसखारी के छात्र-छात्राओं में खुशी की लहर दौड़ गई। दरअसल दोनों ही विद्यालयों का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा।
सेंट पीटर्स स्कूल अकबरपुर के प्रधानाचार्य फादर विल्सन ने बताया कि हाईस्कूल 132, जबकि इंटरमीडिएट में 47 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। सभी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होने में सफल रहे। विद्यालय के इंटरमीडिएट के छात्र हर्ष यादव ने 99 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया, तो इसी विद्यालय प्रज्ज्वल पांडेय व ट्विंकल अग्रहरि 95.5 प्रतिशत अंक हासिल कर दूसरे व सृष्टि, नयन शिखा व रिमझिम पटेल 95 प्रतिशत अंक हासिल कर तीसरे स्थान पर रहे।
हाईस्कूल में इसी विद्यालय की विदुषि श्रीवास्तव व स्तुति पांडेय 97.6 प्रतिशत अंक हासिल कर संयुक्त रूप से जिले में पहले स्थान पर रहीं, जबकि 95.8 प्रतिशत अंक हासिल कर मोहम्मद हसन दूसरे स्थान पर रहे।
कुंवर अभिनव सिंह व सिमरन 95.6 प्रतिशत अंक हासिल कर तीसरे स्थान पर रहे। फादर विल्सन ने सफल छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए जिला टॉप करने वाले छात्र-छात्राओं को विद्यालय में मिठाई खिलाकर आशीर्वाद दिया। उधर, सफल छात्र-छात्राओं ने सफलता का श्रेय अभिभावकों को गुरुजनों को देते हुए कहा कि बगैर उनके मार्ग दर्शन के उन्हें इस प्रकार की सफलता हासिल नहीं हो सकती थी।
वहीं, बसखारी प्रतिनिधि के अनुसार, किछौछा स्थित इंफैंट इंडिया इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य अब्दुल कलाम खान ने बताया कि विद्यालय में पंजीकृत हाईस्कूल के कुल 55 छात्र-छात्राएं सफल रहे। 94.5 प्रतिशत अंक हासिल कर ऐश्वर्या ने जहां विद्यालय टॉप किया, वहीं जिले में 7वां स्थान रहा। 92.6 प्रतिशत अंक हासिल कर आयुषि दूसरे तथा 90 प्रतिशत अंक हासिल कर श्वेता तीसरे स्थान पर रहीं।