केदारनगर। इल्तिफातगंज के गांधीनगर चौराहे पर सोमवार भोर घने कोहरे के कारण तेज रफ्तार डंपर सड़क किनारे बिजली के दो ट्रांसफार्मरों से टकरा गया। हादसे में डंपर के साथ दोनों ट्रांसफार्मरों व उनके पोल क्षतिग्रस्त हो गए। इससे नगर पंचायत की 50 हजार आबादी की बिजली ठप हो गई।
नगर पंचायत इल्तिफातगंज में 15 वार्ड है। सोमवार सुबह पांच बजे मध्य प्रदेश का एक डंपर तेजी से टांडा की तरफ जा रहा था। शहजौरा मोड़ पर डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चबूतरे पर रखे 400 केवीए ट्रांसफार्मर से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि चबूतरा टूटने के साथ ही ट्रांसफार्मर जमींदोज हो गया। इसकी चपेट में आने से पास में 250 केवी ट्रांसफार्मर और बिजली के तार टूट जाने से नगर की बिजली गुल हो गई।
हादसे के बाद डंपर चालक डंपर छोड़ भाग निकला। दोनों ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने के बाद कटरिया आंशिक, आजादनगर अंशिक, सहजौरा, मीरानपुर बभनपुरा,इश्वर नगर, आजाद नगर, डेलमऊ, चमनगंज, बैरमपुर सहित 15 वार्ड की 50 हजार आबादी की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। जानकारी मिलने के बाद अवर अभियंता श्रीराम चौधरी बिजली कर्मियों केे साथ मौके पर पहुंचे।
जेसीबी और क्रेन की मदद से ट्रांसफार्मर, डंपर हटाने की कवायद देर शाम तक चलती रही। इस बीच देर शाम ईश्वर नगर, गांधीनगर की बिजली आपूर्ति बहाल की जा सकी। जेई ने वाहन के खिलाफ ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त करने की तहरीर देने के साथ ही उच्चाधिकारियों को घटना से अवगत कराया।
गृहणियों को झेलनी पड़ी दुश्वारियां
सुबह पांच बजे से शाम पांच बजे तक 12 घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहने से नागरिकों के घरों में लगी पानी की टंकियां खाली हो गईं। इससे सबसे ज्यादा परेशानी गृहणियों को घर के कामकाज निपटाने के लिए उठानी पड़ी। कई घंटे तक आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को पीने का पानी दूर दराज लगे हैंडपंप से पानी भरकर लाना पड़ा। यहीं नहीं लोगों को मजबूरी में पीने के पानी का डिब्बा खरीदना पड़ा। बिजली न आने से लोगों के मोबाइल भी स्विचड ऑफ हो गए।
कुटीर उद्याेग भी हुए ठप
पूरे दिन बिजली आपूर्ति बाधित रहने से क्षेत्र के कुटीर उद्योग ठप पड़े रहे। वेल्डिंग की दुकान और वाहन धुलाई केंद्र के साथ ही जनसेवा केंद्र पर कामकाज ठप पड़ गए। आटा चक्की पर गेहूं की बोरियों के ढेर लगे रहे।
एफआईआर दर्ज करने के लिए तहरीर दी गई है। ट्रांसफार्मर को बदलने का काम हो रहा है। देर शाम कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल करा दी गई है। शेष इलाकों में मंगलवार दोपहर तक आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी।
- रामजीत, अवर अभियंता