आलापुर। संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादी एक ही शिकायत के निस्तारण के लिए अफसरों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। हर बार आश्वासन मिलता है, पर समस्या जस की तस बनी हुई है। आलापुर तहसील के बसुधा सिंह सभागार में सोमवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला ने समस्याएं सुनीं। समाधान दिवस में 69 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें नौ मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
सीडीओ ने बताया कि राजस्व, विकास, शिक्षा, पेंशन और पुलिस से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान विकासखंड रामनगर के रामपुर सराय निवासी रामनारायन उपाध्याय ने गांव से अखलाशपुर गौशाला तक भूसा ढुलाई के भाड़े का भुगतान न होने की शिकायत दर्ज कराई। सीडीओ ने ग्राम सचिव को तलब किया और मौके पर ही एक हजार रुपये का भुगतान कराया। इस दौरान एसडीएम सुभाष सिंह, क्षेत्राधिकारी प्रदीप सिंह चंदेल और तहसीलदार पद्मेश श्रीवास्तव नायब ने भी फरियादियों की समस्याएं सुनीं। डीएम के न पहुंचने से फरियादियों में मायूसी देखी गई।
पुरानी समस्या लेकर पहुंचे फरियादी
जलालपुर। तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता एसडीएम राहुल गुप्ता ने की। इस अवसर पर तहसीलदार गरिमा भार्गव, क्षेत्राधिकारी अनूप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। एसडीएम ने शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर दिया। कुछ फरियादी अपनी पुरानी समस्याओं को लेकर परेशान नजर आए। उनका कहना था कि पूर्व में कई बार शिकायतें दर्ज कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने से उनमें नाराजगी देखी गई और उन्होंने इस बार समाधान की उम्मीद जताई।
15 बार शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान
जलालपुर के शिवपाल निवासी रवि चतुर्वेदी ने बताया कि उनकी आबादी भूमि पर दूसरे व्यक्ति के नाम घरौनी दर्ज कर दी गई है। उन्होंने कहा कि करीब 15 बार शिकायत देने के बावजूद अब तक समाधान नहीं मिल सका है।
पेंशन के लिए भटक रहा दिव्यांग फरियादी
नेमपुर इतवारी निवासी पराग ने बताया कि वह दिव्यांग है और पेंशन बनवाने के लिए ब्लॉक से लेकर जिलास्तर तक चक्कर लगा चुके हैं। उन्होंने पहली बार संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत पत्र दिया है। नेमपुर इतवारी निवासी पराग ने बताया कि वह दिव्यांग है और पेंशन बनवाने के लिए ब्लॉक से लेकर जिलास्तर तक चक्कर लगा चुके हैं। उन्होंने पहली बार संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत पत्र दिया है।