आलापुर(अंबेडकरनगर)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर में बना ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का भवन अधिकारियों की लापरवाही के कारण अब शुरू नहीं हो पाया है।
कस्बे के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के बगल में बना नया ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट भवन हस्तांतरण न होने के चलते बेकार साबित हो रहा है। करीब 30 लाख रुपये की लागत से बना यह ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का भवन तैयार है, लेकिन विभागीय स्तर पर हस्तांतरण न होने व विभागीय अधिकारियों से जनहित से जुड़ी स्वास्थ्य सुविधाएं की अनदेखी के कारण इस पर ताला लगा हुआ है।
इस यूनिट में बीपीएम, बीसीपीएम और ब्लॉक अकाउंटेंट के कार्यालय स्थापित किए जाने हैं। साथ ही खून जांच की सुविधाएं भी शुरू की जानी हैं। इसको लेकर अस्पताल को सुदृढ़ व्यवस्था करने व क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा के लिए उद्देश्य से भाजपा नेता पूर्व जिला अध्यक्ष अयोध्या जिला प्रभारी डॉ मिथिलेश त्रिपाठी ने बीते माह में डिप्टी सीएम को पत्र भेजकर ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट चालू कराए जाने की मांग की थी।
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर यहां कार्य शुरू भी हुआ था। तत्कालीन जिला अधिकारी अविनाश सिंह ने इसे अविलंब चालू करने के लिए स्वास्थ्य विभाग को निर्देश भी दिया था, लेकिन गैर जनपद स्थानांतरण के उपरांत कार्य पूरी तरह ठप हो गया है। स्थानीय निवासी सभाजीत पाल, मंतराम यादव, अरविंद यादव, श्याम सुंदर उपाध्याय, भोला तिवारी, नीरज यादव, बदरुल हसन ने इसे जल्द चालू करने की मांग की है।
वर्जन
पब्लिक हेल्थ यूनिट जल्द चालू हो इसके लिए प्रक्रिया शुरू है, उच्चाधिकारियों के संज्ञान में है। उम्मीद है जल्द चालू हो जाएगा।
डॉ. आशीष राय, सीएचसी प्रभारी