अंबेडकरनगर। बेवाना थाना क्षेत्र के रसूलपुर दियरा गांव के पास नदी में डूबे दोनों डंपर चालकों का शव गोताखोरों की टीम ने बरामद कर लिया। बताते चलें कि एक चालक का शव रविवार देरशाम मिल गया था, जबकि दूसरे चालक का शव सोमवार सुबह मिल बरामद हुआ। पुलिस दोनों शव का पोस्टमार्टम करा रही है।
बीते शुक्रवार की शाम बेवाना थाना क्षेत्र से होकर गुजर रही सिक्सलेन सड़क के निर्माण में लगे डंपर को चलाने वाले दो चालक मझुई नदी में डूब गए थे। दोनों चालक सोनी (30) पुत्र बलबिंदर सिंह व सोनू (19) पुत्र हरिदेव सिंह निवासी केतूवाला, थाना हरिकापतन, जिला तरनतार पंजाब पैदल ही दोस्तपुर बाजार से सामानों की खरीददारी करने गए थे। सामान लेने के बाद दोनों चालक नदी पार कर जाने लगे। नदी पार करने के दौरान दोनों नदी में डूब गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर अंबेडकरनगर व सुल्तानपुर जिले की सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण बेवाना के साथ ही दोस्तपुर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों की टीम भी बुलाई गई। परन्तु शव बरामद करने में सफलता नही मिली।
रविवार देर शाम चालक सोनी का तथा सोमवार को सोनू का भी शव बरामद कर लिया गया। एसडीएम अभिषेक पाठक व सीओ धर्मेन्द्र सचान भी मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने बताया कि दोनों शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मृतकों के परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है।