अमर उजाला के 26 जून के अंक में एक्सप्रेसवे के पास बनी ड्रेन क्षतिग्रस्त शीर्षक से प्रकाशित खबर
राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर)। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के कम्हरिया घाट अंडरपास के पास जलनिकासी के लिए बनी ड्रेन को दुरुस्त करा दिया गया है। अमर उजाला में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए यूपीडा (उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण) ने ड्रेन की मरम्मत करा दी है।
जहांगीरगंज कम्हरिया मुख्य मार्ग पर स्थित अंडरपास के किनारे जल प्रवाह को नीचे ले जाने के लिए गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के किनारे ड्रेन बनाई गई थी, जो हल्की बारिश में ही क्षतिग्रस्त हो गई थी। क्षतिग्रस्त ड्रेन के एक हिस्से को पन्नी से ढककर उसे छुपाए जाने का प्रयास किया गया था। जबकि दूसरा भाग पूरी तरह से टूट गया था।
इस खबर को अमर उजाला ने 26 जून के अंक में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। खबर को संज्ञान में लेते हुए यूपीडा की ओर से आई टीम ने ड्रेन को दुरुस्त करा दिया है। इससे एक्सप्रेसवे पर आने वाला बारिश का पानी आसानी से नीचे जा सकेगा और जलभराव की समस्या उत्पन्न नहीं होगी।