मुकाबला शुरू होने से पूर्व खिलाड़ियों के साथ खेल व युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव व अन्य
जलालपुर। क्षेत्र के नरेंद्र देव इंटर कॉलेज में अंतरराज्यीय महिला हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ बृहस्पतिवार को हुआ। पहले दिन कुल आठ मुकाबले प्रस्तावित थे, मगर पांच मैच ही खेले जा सके। मैच का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव और बोधिसत्व यूनिवर्सिटी की चांसलर डॉ. मधुलिका सिंह ने किया।
पहला मुकाबला एलेक्स पंजाब और कुमकुम एकेडमी कोलकाता के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने अच्छा प्रदर्शन किया और मैच 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। पंजाब की ओर से राखी ने गोल किया, जबकि कोलकाता की ओर से पलक ने बराबरी दिलाई। दूसरे मैच में उत्तर प्रदेश पुलिस ने शानदार खेल दिखाया। टीम ने मानसी फाउंडेशन मुंबई को 2-0 से हराया। इस मुकाबले में मैरी और पल्लवी ने एक-एक गोल कर टीम को जीत दिलाई।
तीसरे मुकाबले में नॉर्दर्न ईस्टर्न रेलवे और एकलव्य स्टेडियम अंबेडकरनगर के बीच मैच हुआ। रेलवे टीम ने 4-2 से जीत दर्ज की। रेलवे की ओर से सुमिता ने दो गोल किए। अलका और मधुरिमा ने एक-एक गोल किया। वहीं एकलव्य टीम की ओर से नैंसी और एनिलिया ने गोल किए। चौथा मुकाबला नागपुर और हरदोई के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष हुआ, लेकिन कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। मैच 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ। पांचवें मैच में अयोध्या हॉस्टल ने अभिनव क्लब पर एकतरफा जीत दर्ज की। टीम ने 7-0 से मुकाबला अपने नाम किया।