अंबेडकरनगर। घरेलू गैस सिलिंडर के दाम में 50 रुपये की बढ़ोतरी होने से उपभोक्ताओं की जेब ढीली होगी। इससे गृहणियों से लेकर कारोबारी तक परेशान नजर आ रहे हैं। उन्होंने इस निर्णय को गलत बताते हुए आमजन पर महंगाई की मार बताया है। जिले में 50 से अधिक गैस एजेंसी से तीन लाख उपभोक्ता सिलिंडर प्राप्त करते हैं। घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 50 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। पहले 875 रुपये में सिलिंडर मिलता था, लेकिन अब 925 रुपये में मिलेगा। इससे उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। वहीं उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को भी बढ़ी कीमतों के हिसाब से रसोई गैस सिलिंडर लेने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
बिगड़ गया बजट, बैलेंस कैसे बनेगा
फोटो- 4
अकबरपुर के गौसपुर निवासी निषा मौर्य ने बताया कि पहले से ही घर का बैलेंस बिगड़ चुका है, ऊपर से गैस का दाम बढ़ाकर सरकार बोझ बढ़ा रही है। अगर आम जनता के साथ इसी तरह होता रहा तो अपना और अपने परिवार का पेट पालना आने वाले समय में एक बड़ी समस्या होगी, इस पर सरकार को सोचने की जरूरत है।
दाम बढ़ने की खबर चिंताजनक
फोटो- 5
जलालपुर के देवीपुर निवासी गृहिणी अर्चना ने बताया कि अप्रैल में बच्चों के एडमिशन से लेकर अन्य खर्च रहते हैं। घरेलू खाद्य सामग्री पहले से ही महंगी है। गैस का दाम बढ़ाकर सरकार ने मध्यम वर्गीय परिवारों पर बोझ बढ़ा दिया है। 50 रुपये बढ़ाना भी सामान्य परिवार के लिए बड़ी बात है।
थाली हुई महंगी
फोटो- 6
जलालपुर के जोलहापुर निवासी पूनम यादव ने बताया कि हम चाहकर भी रसोई गैस का इस्तेमाल नहीं रोक सकते हैं। इन बढ़े हुए दामों से फिर एक बार मध्यमवर्गीय परिवार प्रभावित होगा और हम महिलाओं को घर का बजट बनाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।