बीएन केबी पीजी कॉलेज में आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते वक्ता।
अंबेडकरनगर। बीएनकेबी पीजी कॉलेज अकबरपुर में सोमवार को मिशन शक्ति के तहत साइबर गोष्ठी का आयोजन किया गया। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के साइबर विशेषज्ञ डॉ. आशीष कुमार मिश्र ने विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में प्रवेश के पूर्व सावधानियों के बारे में जागरूक किया।
कहा कि यदि इंटरनेट का प्रयोग कर रहें है तो पूरी सतर्कता बरतें। किसी अनजान से अपनी व्यक्तिगत जानकारी व तस्वीरें साझा न करें। यदि ऐसा करते हैं तो आप साइबर ठग के निशाने पर आ सकते हैं। इन दिनों सोशल मीडिया के जरिए साइबर ठग लोगों को ठगने में जुटे हैं। इस दौरान विद्यार्थियों ने सोशल मीडिया खातों के प्रबंधन, सुरक्षित पासवर्ड बनाने और संभावित ऑनलाइन खतरों को पहचान संबंधित कई सवाल विशेषज्ञ से पूछे।
प्राचार्य सुचिता पांडेय ने कहा कि इन दिनों साइबर ठग ऑनलाइन ठगी के नए-नए तरीके निकाल रहे हैं। ऐसे में सभी को पूरी सावधानी बरतने की जरूरत है। यदि मोबाइल पर कोई अनजान लिंक आए तो उसे कतई न छेड़ें। किसी से अपना ओटीपी न साझा करें। बेटियां मोबाइल का प्रयोग करते समय विशेष सावधानी बरतें। सबसे पहले डीपी सुरक्षित कर लें। ताकि कोई उसकी काॅपी न कर सके। इस मौके पर डॉ. आलोक तिवारी, डॉ. दिनेश, डॉ. अनिल, डॉ. संतोष, डॉ. अमित, डॉ. रवि, डॉ. विनय आदि मौजूद रहे।