अंबेडकरनगर। कोरोना को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें। अनिवार्य रूप से लगाएं मास्क, करें सोशल डिस्टेंसिंग का पालन। समय-समय पर साबुन से धोते रहें हाथ। न सिर्फ खुद संबंधित बूथ पर पहुंचकर कोरोना का टीका लगवाएं, बल्कि दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। जागरूकता के आधार पर ही कोरोना संक्रमण को फैलने से रोका जा सकता है।
कुछ इस प्रकार की अपील के जरिए जिला मुख्यालय से लेकर अन्य क्षेत्रों में लाउडस्पीकर के माध्यम से आम नागरिकों को जागरूक किया जा रहा है। इस बीच पेट्रोल पंपों पर भी सख्ती बरती जा रही है। बगैर मास्क के पहुंचने वाले नागरिकों को डीजल व पेट्रोल नहीं दिया जा रहा है। उधर, मास्क लगाने की अनिवार्यता सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदारों की ओर से बरती जा रही सख्ती के बीच जिले में मास्क की बिक्री भी तेज हो गई है।
जिले में लगातार बढ़ते कोरोना के बीच इस पर अंकुश लगाने के लिए स्वास्थ्य महकमा सक्रिय हो गया है। एक तरफ जहां मास्क की अनिवार्यता सुनिश्चित करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है, वहीं आम नागरिकों को कोरोना के प्रति जागरूक किया जा रहा है। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन के दिशा निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला मुख्यालय पर पटेलनगर, पुराने तहसील तिराहा, बस स्टेशन, जिला अस्पताल, शहजादपुर चौक, पहितीपुर चौराहा, दोस्तपुर चौराहा, मालीपुर चौराहा समेत कई अन्य प्रमुख क्षेत्रों में लाउडस्पीकर के माध्यम आम नागरिकों को कोरोना को फैलने से रोकने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
इसमें कहा जा रहा है कि घर से बाहर निकलने के दौरान मास्क जरूर लगाएं। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। इस प्रकार का प्रचार-प्रसार टांडा, जलालपुर, भीटी व आलापुर तहसील क्षेत्र में भी किया जा रहा है। उधर, सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना को फैलने से रोकने के लिए सभी जरूरी एहतियात बरतें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।
पेट्रोल पंपों पर मास्क को लेकर बढ़ी सख्ती
लगातार बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर पेट्रोल पंपों पर भी सख्ती बरती जाने लगी है। बीते दिनों मास्क न लगाए जाने के चलते न सिर्फ एक पेट्रोल पंप को सील किया गया था, बल्कि नौ पेट्रोल पंपों को नोटिस जारी किया गया था। इस कार्रवाई के बाद अब पेट्रोल पंप संचालकों की ओर से बगैर मास्क वालों को डीजल व पेट्रोल नहीं दिया जा रहा है। रविवार को भी जिले के पेट्रोल पंपों पर उन्हीं को डीजल व पेट्रोल दिया जा रहा था, जिन्होंने मास्क लगा रखा था।