अंबेडकरनगर। जिले के 29 पीएचसी व स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। इसमें 3298 मरीजों ने पंजीकरण कराया। सभी मरीजों का न सिर्फ इलाज किया गया, बल्कि जरूरी दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान विभिन्न प्रकार की जांच भी गई। सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने विभिन्न केंद्रों पर पहुंचकर मेले का जायजा लिया। साथ ही जिम्मेदारों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। कहा गया कि पंजीकृत मरीजों का सुचारु रूप से इलाज किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को इलाज के लिए सीएचसी व जिला अस्पताल तक की दौड़ न लगानी पड़े, इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रत्येक रविवार को पीएचसी व स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में रविवार को जिले के 29 पीएचसी व स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। सुबह से ही मरीजों व उनके तीमारदारों का संबंधित पीएचसी व स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। पीएचसी मुंडेरा में डॉ. आमिर अब्बास की अध्यक्षता में मेले का आयोजन हुआ। इसमें न सिर्फ मरीजों का इलाज हुआ, बल्कि जरूरी दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
डॉ. अशुतोष ने बताया कि रविवार को आयोजित मेले में कुल 3298 मरीजों ने पंजीकरण कराया। चिकित्सकों की टीम की ओर से सभी मरीजों का कोरोना प्रोटोकाल के बीच सुचारु रूप से इलाज किया गया। साथ ही जरूरी दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। केंद्रों पर शुगर, थायराइड, टीबी, कोरोना समेत कई अन्य प्रकार की जांच भी की गई। उधर, सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने पीएचसी औरंगनगर व नसीरपुर पहुंचकर मेले का जायजा लिया।
उन्होंने जिम्मेदारों को निर्देशित किया कि मरीजों के इलाज व जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए सभी प्रकार के एहतियात बरतें। शासन द्वारा जो गाइडलाइन जारी की गई है, उसका शत-प्रतिशत पालन करें। जागरूकता के आधार पर ही कोरोना संक्रमण को फैलने से रोका जा सकता है।