जिले की विभिन्न तहसीलों में मंगलवार को तहसील दिवस हुआ। इसमें कुल 615 शिकायतें आईं। इसमें से 38 का मौके पर निस्तारण हुआ। अकबरपुर में तहसील दिवस की अध्यक्षता कर रहे कमिश्नर सूर्यप्रकाश मिश्र ने लोगों से आह्वान किया कि वे योजनाओं का बढ़-चढ़ कर लाभ लें। इसमें कोई बाधा या समस्या हो तो इसकी शिकायत सीधे उनसे करें। उन्होंने संबंधित अफसरों को तहसील दिवस पर आने वाली शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने का निर्देश दिया। कहा कि इसमें लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कमिश्नर ने कहा कि तहसील दिवस में आने वाली शिकायतों के निस्तारण को लेकर संबंधित अधिकारी पूरी गंभीरता दिखाएं। लंबित शिकायतें अविलंब निस्तारित करवाएं। पात्रों को योजनाओं का लाभ दिलाने में लापरवाही न हो। इसकी कोई शिकायत मिली तो जांच के बाद संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की होगी।
डीआईजी वीके गर्ग ने अफसरों को निर्देश दिया कि छोटे मामलों को भी संज्ञान में लें। त्वरित निस्तारण के लिए ठोस कदम उठाएं। इस दौरान कुल 122 फरियादियों ने शिकायतें दर्ज कराई, जिसमें से मात्र पांच निपटीं। टांडा प्रतिनिधि के अनुसार एसडीएम नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में कुल 66 शिकायतें आईं। यहां एक भी शिकायत नहीं निपटी।
इस दौरान तहसीलदार राजेश सिंह, सीओ राघवेंद्र मिश्र सहित सभी एसओ मौजूद रहे। आलापुर प्रतिनिधि के अनुसार तहसील परिसर में एडीएम रामसूरत पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में कुल 295 शिकायतों में 20 का निस्तारण हुआ।
इस दौरान सीएमओ मेजर डॉ. बीपी सिंह, डीआईओएस डॉ. आरपी वर्मा, बीएसए राजबहादुर मौर्य, तहसीलदार रमेश मौर्य, खंड विकास अधिकारी महेश नरायन पाण्डेय मौजूद रहे। भीटी प्रतिनिधि के अनुसार एसडीएम एसपी सिंह की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में कुल 42 शिकायतें आईं।
इसमें से छह का निस्तारण मौके पर हुआ। इस दौरान तहसीलदार सुदामा वर्मा, नायब तहसीलदार बैजनाथ, बीडीओ घनश्यामचंद्र त्रिपाठी सहित सभी थानों के एसओ मौजूद रहे। जलालपुर प्रतिनिधि के अनुसार एसडीएम विवेक मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में कुल 90 शिकायतें आईं। इसमें से सात का मौके पर निस्तारण हो सका। इस दौरान सीओ सत्येंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।