एटा। नवंबर माह की सीएम डैशबोर्ड में जिले को सड़क मरम्मत कार्य में नंबर वन रैंक दी है। 22 सड़कों पर 137.42 किमी में मरम्मत कार्य पूरा कराने का दावा किया गया है, लेकिन जमीनी हकीकत ये है कि तमाम सड़कों के गड्ढों में लोग हिचकोले खा रहे हैं।
सीएम डैशबोर्ड पर हुई समीक्षा के मुताबिक लोक निर्माण विभाग को 22 सड़कों की मरम्मत का लक्ष्य दिया गया था। इसमें 137.42 किमी की क्षेत्र पर मरम्मत के लिए 34.86 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ। 30 नवंबर तक की रिपोर्ट के अनुसार विभाग ने सभी सड़कों पर मरम्मत का कार्य पूरा करा लिया। ऐसे में जिले को शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल हुई और पूरे 10 अंक मिले। इस आधार पर डैशबोर्ड में जिले को पहली रैंक मिली है।
वहीं, जमीनी स्तर पर बात की जाए तो एटा आगरा रोड, एटा-निधौली कलां रोड, अलीगंज-सराय अगहत रोड, जलेसर-सादाबाद रोड सहित कई सड़कें ऐसी हैं, जहां बड़े-बड़े गड्ढे हैं। कुछ जगह तो डामर ही पूरी तरह खत्म हो गया है। केवल गिट्टी और मिट्टी राहगीरों को परेशान कर रही है।