जहांगीरगंज। थाना अंतर्गत करौंदीलाला गांव के बाहर खेत में खेलने के दौरान दो मासूमों की बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव का पंचनामा कर परिवारीजनों को सौंप दिया।
गांव निवासी शकील का 10 वर्षीय पुत्र फरहान व शरीफ का 9 वर्षीय पुत्र जीशान मंगलवार पूर्वाह्न घर के बाहर खेल रहे थे। खेलते खेलते दोनों घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत में पहुंच गए। बताया जाता है कि ईंट की पथाई के लिए बीते दिनों ही मिट्टी की खुदाई की गई थी, जिससे खेत में गड्ढे उत्पन्न हो गए थे। बीते कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते गड्ढों में पानी भरा हुआ था। बताया जाता है कि दोनों मासूम खेलने के दौरान ऐसे ही एक गड्ढे के निकट पहुंच गए। इसी बीच उनका पैर फिसल गया और दोनों पानी से भरे गड्ढे में गिर पड़े।
घटना से मौके पर हड़कंप मच गया। आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों की गुहार मचाते हुए मौके पर पहुंचे। रोते पीटते परिवारीजन भी घटना स्थल पर पहुंच गए। दोनों मासूम को गड्ढे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों बेहोश हो चुके थे। सांस चलने की उम्मीद में उन्हें रामनगर बाजार स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस बीच सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर परिवारीजनों को सौंप दिया। एसओ नागेंद्र सरोज ने बताया कि परिवारीजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया था। ऐसे में पंचनामा कर परिवारीजनों को सौंप दिया गया।