अंंबेडकरनगर। परिषदीय विद्यालयों के पांच सहायक अध्यापक लंबी अवधि से गायब चल रहे हैं। इस पर बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से तीन-तीन नोटिस भी भेजा जा चुका है। पिछले माह अंतिम नोटिस जारी करने के बाद एक शिक्षक ने बीमारी का हवाला दिया है, जबकि अन्य चार शिक्षकों ने कोई जवाब नहीं दाखिल किया है। अब इन चार शिक्षकों की सेवा समाप्त करने की तैयारी विभाग ने शुरू की है। इसके लिए फाइल तैयार की जा रही है।
टांडा के देवीपुर इस्माइलपुर बेल्दहा निवासी संजीव कुमार बसखारी ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय नरकटा में सहायक अध्यापक हैं। वह एक जुलाई 2021 से गैरहाजिर चल रहे हैं। उच्च प्राथमिक विद्यालय रुकमलपुर में तैनात शिक्षक अनिल कुमार निवासी मुकेरीगंज आजमगढ़ नौ अक्तूबर 2019 से बिना सूचना के अनुपस्थित चल रहे हैं।
उच्च प्राथमिक विद्यालय डांडी महमूदपुर में तैनात सहायक अध्यापक बृजेंद्र कुमार निवासी उमरावां भीटी 24 जुलाई 2017 से गायब हैं। देवरिया जिले के लार रोड पनिका बाजार की रहने वाली सहायक अध्यापिका सुमन गुप्ता उच्च प्राथमिक विद्यालय फतेहपुर में तैनात हैं, लेकिन वह 11 जुलाई 2022 से बिना सूचना के गैरहाजिर हैं।
इसके अलावा बसखारी के किछौछा गोलपुर गांव के सहायक अध्यापक राजेश कुमार की नियुक्ति कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय नरायनपुर संगिया में है। यह 11 अगस्त 2024 से बिना बताए गायब हैं। गत माह विभाग की ओर से इन सभी को अंतिम चेतावनी जारी की गई थी, जिसके बाद राजेश कुमार ने बीमारी का हवाला देते हुए मेडिकल प्रपत्र दाखिल किए हैं। अन्य शिक्षकों ने अब तक कोई जवाब नहीं दिया है। तय समय सीमा बीतने के बाद विभाग बर्खास्तगी की तैयारी में जुट गया है।
वर्जन ्र
तीन बाद दिया नोटिस
लंबे समय से गैरहाजिर चल रहे पांच शिक्षकों को तीन-तीन बार नोटिस दिया जा चुका है। अंतिम नोटिस के बाद एक शिक्षक ने बीमारी का हवाला दिया है। अन्य चार शिक्षकों ने कोई जवाब नहीं दिया है। इनकी बर्खास्तगी की प्रक्रिया शुरू की गई है, जल्द कार्रवाई की जाएगी।
- भोलेंद्र प्रताप सिंह, बीएसए