अंबेडकरनगर। मौसम के लगातार बदलते मिजाज के बीच जिले में डायरिया तेजी से पांव पसारने लगा है। लगभग प्रतिदिन डायरिया से पीड़ित मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हो रहे हैं। इस बीच रविवार को भी डायरिया से पीड़ित छह नए मरीज जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए।
कभी भीषण गर्मी तो कभी तेज हवा व बूंदाबांदी के बीच तापमान में गिरावट होने से डायरिया तेजी से फैलने लगा है। लगभग प्रतिदिन डायरिया से पीड़ित मरीज सीएचसी, पीएचसी के साथ ही जिला अस्पताल में भर्ती हो रहे हैं। बीते शुक्रवार को सात व शनिवार को पांच डायरिया पीड़ित मरीज जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए। रविवार को भी डायरिया से पीड़ित छह मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसमें अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के पहितीपुर के लालबहादुर (65), रगड़गंज के मनोज (48), अहिरौली थाना क्षेत्र के मिझौड़ा के शमीम (55), जलालपुर की शकुंतला देवी (51), मालीपुर के रामजी (41) व सम्मनपुर के सिकंदरपुर निवासी गीता (35) शामिल हैं।
उधर, सीएमओ डॉ. श्रीकांत शर्मा ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि बदलते तापमान के बीच डायरिया तेजी से फैलता है। यह रोग गंदगी व खानपान सही न होने से फैलता है। ऐसे में डायरिया से बचने के लिए न सिर्फ बेहतर खानपान करें, बल्कि सफाई पर भी विशेष ध्यान दें। बेहतर सफाई से ही डायरिया जैसे रोग को फैलने से रोका जा सकता है।