जिले में डायरिया का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। बुधवार को भी डायरिया के दो नए मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हुए। उधर ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से ग्रामीण क्षेत्रों में अविलंब दवाओं का वितरण कराने की मांग की है।
तेजी से बदल रहे मौसम के बीच डायरिया से लोग परेशान है। एक दिन पहले जहां डायरिया से पीड़ित पांच मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हुए थे, वहीं बुधवार को भी दो नए मरीज भर्ती किए गए। टांडा थाना अंतर्गत सूरापुर गांव निवासी रामजनम 40 को बुधवार सुबह उल्टी दस्त शुरू हो गया। स्थानीय स्तर पर इलाज कराने के बाद भी तबियत में सुधार न होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इसी थाना अंतर्गत इस्माइलपुर गांव निवासी बृजनंदन 50 बुधवार सुबह डायरिया की चपेट में आ गए। स्थानीय इलाज बाद उन्हें सीएचसी टांडा ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अकबरपुर थाना अंतर्गत मीरानपुर में भी दो लोग डायरिया की चपेट में आ गए, उनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।