अंबेडकरनगर के गायत्री मंदिर परिसर में शनिवार को हवन-पूजन करते श्रद्धालु।
- फोटो : अमर उजाला
जिला मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित दुर्गा मंदिरों में शनिवार को हवन-पूजन हुआ। साथ ही भंडारे का भी आयोजन हुआ। इसमें बड़ी संख्या में मां दुर्गा के भक्तों ने भाग लिया।
वासंतिक नवरात्रि में नौ दिनों तक व्रत रखने वालों ने शनिवार को निकटवर्ती दुर्गा मंदिरों में विशेष पूजन-अर्चन किया। हवन-पूजन में बढ़-चढ़कर भाग लिया। मुख्य आयोजन अकबरपुर नगर स्थित गायत्री मंदिर में हुआ।
शनिवार सुबह से ही हवन-पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचना प्रारंभ कर दिया था। इसके लिए मंदिर परिसर में सात कुंड बनाए गए थे। हवन-पूजन के बाद भंडारे का आयोजन हुआ जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
गायत्री मंदिर से जुड़े रामकलप वर्मा ने बताया कि गायत्री मंदिर में परंपरा के अनुसार नौवें दिन हवन-पूजन किया जाता है। बताया कि जिन भक्तों ने लगातार नौ दिन व्रत रखा था, उन्होंने शनिवार को पारण किया। इसके अलावा टांडा, आलापुर, जलालपुर, भीटी व कटेहरी आदि क्षेत्रों में भी हवन-पूजन व भंडारे का आयोजन हुआ।
गौरतलब है कि इस बार वासंतिक नवरात्रि मात्र आठ दिनों का ही था। ज्यादातर क्षेत्रों में तो शुक्रवार को ही हवन-पूजन व भंडारे का आयोजन हुआ था लेकिन कुछ क्षेत्रों में शनिवार को भी हवन-पूजन व भंडारे का आयोजन हुआ।