अंबेडकरनगर। जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में शुक्रवार को वर्ष 2025-26 के लिए 52,86,19,000 का बजट पास किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष साधू वर्मा की अध्यक्षता में अपर मुख्य अधिकारी विनोद कुमार वर्मा ने बोर्ड बैठक का एजेंडा प्रस्तुत किया।
पंचम राज्य वित्त आयोग एवं 15वें वित्त आयोग और अन्य वित्त आयोग के अंतर्गत वर्ष 2025-26 में शासन से मिलने वाले अनुदान के मुकाबले कार्य योजना के गठन पर विचार किया गया। जिला पंचायत सदस्य विजय यादव ने बोर्ड को बताया कि एनवां बिजली घर के मौहारी डडवां गांव में रामसुरेश के घर बिजली का कनेक्शन नहीं है। इसके बाद भी बिजली विभाग ने उसके घर एक लाख रुपये से अधिक का बिजली का बिल भेज दिया है। गरीब परेशान होकर अधिकारियों को चौखट नाप रहा है। कहा कि अधिकारी न तो बिजली घर पर मिलते है न ही बोर्ड की बैठक में आने की जहमत उठाते हैं।
बैठक में बिजली विभाग के अधिकारियों के न आने पर कड़ी नाराजगी जताई गई। कटेहरी तृतीय से जिला पंचायत सदस्य पवन सिंह ने कहा कि मंडी समिति से बनाई गई कटेहरी बाजार से सबना तिवारी संपर्क मार्ग, तिवारीपुर सबना से बडेरिया संपर्क मार्ग, निनामपुर से असरफपुर बरवां संपर्क मार्ग, गोपालपुर से मिझौड़ा चीनी मिल संपर्क मार्ग, गौराबसंतपुर से चर्मुखा संपर्क मार्ग जर्जर हो गया है। इसके जल्द से जल्द निर्माण कराया जाए। सदस्य ने मंडी सचिव से चार वर्षों में पहली बार बैठक में आने का कारण पूछा तो वह भड़क उठे। इस जिला पंचायत अध्यक्ष ने हस्तक्षेप कर हालात संभाले। बाद में सचिव ने सभी से सामूहिक रूप से मांफी मांगी। जहांगीरगंज क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य पुनीत गौतम ने बताया कि जिले की सीमा पर जो बोर्ड लगाए गए हैं, उन्हें दुरुस्त किया जाए। बिडहर घाट पर बने द्वार का नाम आंबेडकर द्वार चयनित किया गया था, लेकिन नामकरण को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की गई। यहां तक की वहां लगे बोर्ड पर पूर्व अध्यक्ष व अपर मुख्य अधिकारी की फोटो चस्पा होने पर बोर्ड के समक्ष आपत्ति जताई। सभी सदस्यों ने अपने- अपने क्षेत्र में सोलर लाइट देने की मांग की। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य श्रीकांत कनौजिया, आलोक यादव, सूरज यादव, मो.मक्की, डाॅ. प्रतिमा यादव, जिला पूर्ति अधिकारी शिवाकांत पांडेय समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।