अकबरपुर-अयोध्या मार्ग के नूर मस्जिद के निकट टूटा बिजली का खंभा।
- फोटो : संवाद
अंबेडकरनगर। अकबरपुर-अयोध्या मार्ग पर ओवरलोड ट्रक की टक्कर से सड़क किनारे लगा बिजली का खंभा टूट गया। इससे करीब एक हजार आबादी की बिजली गुल हो गई। सात घंटे बिजली आपूर्ति ठप रहने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
अकबरपुर बिजली उपकेंद्र से अकबरपुर-अयोध्या मार्ग के मुख्य मार्ग और मोहल्लों मेंं बिजली की आपूर्ति की जा रही है। शुक्रवार की भोर तीन बजे अकबरपुर तहसील तिराहे के रास्ते एक ओवरलोड ट्रक अयोध्या जिले की तरफ जा रहा था। नूरी मस्जिद के पास पहुंचा था दूसरे ट्रक को पास करने के चक्कर में बिजली का खंभे टकरा गया।
खंभे टूटने के साथ ही तार व इंटरनेट केबिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। इससे मुख्य मार्ग समेत मीरानपुर आंशिक मोहल्ले की करीब एक हजार आबादी की बिजली गुल हो गई। दो घंटे बाद भी जब आपूर्ति चालू नहीं हुई तो लोगों ने बिजली कर्मियों के साथ ही आसपास के लोगों से जानकारी ली।
सुबह आठ बजे जैसे ही स्कूली बस व वाहन सड़क पर पहुंचे, खंभे बदलने के काम की वजह से जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। करीब 10 बजे नया बिजली खंभा लगाकर आपूर्ति बहाल कराई जा सकी। अधिशाषी अभियंता आशीष यादव ने बताया कि ट्रक से बिजली का खंभा टूट गया था। नया बिजली का खंभा लगवाकर आपूर्ति बहाल करा दी गई है।
-
इंटरनेट सेवा रही बाधित
बिजली खंभा टूटने से इससे गुजरे विभिन्न कंपनियोंं के इंटरनेट तार भी टूट गए थे। शाम तीन बजे के बाद इंटरनेट सेवा बहाल हो सकी। इस दौरान स्कूल-कॉलेज के साथ ही इस मार्ग पर संचालित जनसेवा केंद्र पर काम काज ठप रहा। मीरानपुर निवासी जावेद अहमद ने बताया कि बिजली का बिल जमा करने जनसेवा केंद्र पर गया था, लेकिन जनसेवा केंद्र पर इंटरनेट बाधित होने के चलते बिल नहीं जमा हो सका।