जलालपुर। नगर पालिका परिषद जलालपुर में साढ़े 14 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य प्रस्तावित किए हैं। प्रकाश व्यवस्था में सुधार के लिए लगभग 2 करोड़ रुपये का प्राविधान किया गया है। पालिका प्रशासन ने कहा कि आवश्यकता के अनुसार सभी क्षेत्रों में विकास के जरूरी कार्य सुनिश्चित कराए जाएंगे।
नगर पालिका परिषद जलालपुर में बीते दिन आयोजित बोर्ड बैठक में बताया गया कि गत वर्ष की तुलना में वर्ष 2021-22 का बजट 4 करोड़ 81 लाख 91 हजार 192 रुपये ज्यादा रहा। इस बार 27 करोड़ 20 लाख 6 हजार 192 रुपये का बजट पास किया गया है। अनुमानित व्यय 26 करोड़ 22 लाख रुपये होने का अनुमान है। पालिका बोर्ड ने मार्ग व पुलिया निर्माण, मलिन बस्ती सुधार, पार्कों आदि के सौंदर्यीकरण तथा जलनिकासी आदि पर 14 करोड़ 50 लाख रुपये खर्च होने का प्रस्ताव किया है। जबकि प्रकाश व्यवस्था की बेहतरी के लिए सोलर लाइट, एलईडी बल्ब तथा अन्य प्रबंध पर 2 करोड़ 8 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत 1 करोड़ 40 लाख रुपये का खर्च प्रस्तावित किया गया है। दैवीय आपदा के लिए 10 लाख का बजट रखा गया है। अध्यक्ष फरजाना खातून ने सदस्यों को भरोसा दिलाया कि सभी के साथ मिलकर विकास को और ज्यादा मजबूती प्रदान की जाएगी। नगर को आदर्श स्वरूप प्रदान करने के लिए बेहतर ढंग से कार्य सुनिश्चित होंगे।
अधिशाषी अधिकारी धर्मेंद्र बहादुर सिंह ने कई सदस्यों की शंकाओं का समाधान करते हुए कहा कि पूरे धन का सदुपयोग सुनिश्चित होगा। आम नागरिकों को ज्यादा से ज्यादा लाभ दिलाया जाएगा। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि रिंकू उपाध्याय, सभासद मेराज, नबी अहमद, केशव श्रीवास्तव व अखिल सेठ आदि मौजूद रहे।