अंबेकडकरनगर के अकबरपुर नगर में दीपावली पर्व के मद्देनजर बाइक एजेंसियों पर विशेष ऑफर।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। कोरोना संकट से उबरने के बाद इस बार की दीपावली को लेकर जिले की बाजारें सज गई हैं। बर्तन, दो पहिया व चार पहिया वाहनों की दुकानों के साथ-साथ रंग-बिरंगी झालरों की दुकानें जगह-जगह सज गई हैं। कपड़ा व सराफा व्यवसायी भी उपभोक्ताओं की मंशा के अनुरूप कपड़े व आभूषण मंगा रहे हैं। महंगाई को दरकिनार करते हुए उपभोक्ताओं ने वाहनों की बुकिंग कराना तेज कर दिया है। अंदाजा लगाया जा सकता है कि अब तक विभिन्न एजेंसियों पर 500 से अधिक दो पहिया वाहनों की बुकिंग हो चुकी है। इसके अलावा अन्य सामानों की खरीदारी उपभोक्ताओं ने शुरू कर दी है।
डेढ़ वर्ष तक कोरोना संकट से जूझने के बाद अब जबकि आम नागरिक इससे उबर चुका है, तो आने वाले दिनों में खुशहाली व उमंग लेकर आने वाले रोशनी के पर्व दीप पर्व को लेकर जिले में तैयारियां शुरू हो गई हैं। जगह-जगह बाजारें सज गई हैं। कोरोना संकट का दर्द भूलकर अब आमजन दीप पर्व को उल्लास के साथ मनाने की तैयारियों में जुट गए हैं। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्र की बाजारें बर्तन, रंग-बिरंगी झालरों व दो पहिया तथा चार पहिया वाहनों की दुकानें सज गई हैं। इनकी खरीदारी का दौर भी जिले में शुरू हो गया है। इसके अलावा सराफा व्यवसायी भी उपभोक्ताओं के रुझान को देखते हुए हल्के से लेकर भारी आभूषण न सिर्फ बनवा रहे, बल्कि बाहर से मंगा भी रहे हैं। मंगलवार को अमर उजाला टीम ने बर्तन, झालर व वाहनों की दुकानों का जायजा लिया और संबंधित दुकानदारों से वार्ता की, तो उन्होंने खुशी का इजहार करते हुए कहा कि दीप पर्व एक नई रोशनी लेकर आया है।
वाहनों की बुकिंग हुई तेज
दीप पर्व को देखते हुए दो पहिया वाहनों की बुकिंग का कार्य प्रारंभ हो गया है। अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 500 से अधिक दो पहिया वाहनों की बुकिंग हो चुकी है। आने वाले दिनों में इसमें और भी तेजी आने की संभावना है। अकबरपुर अयोध्या मार्ग स्थित हीरो शोरूम के मालिक जयभद्र सिंह ने कहा कि 175 दो पहिया वाहन की बुकिंग अब तक हो चुकी है। बुकिंग का दौर लगातार जारी है। बजाज शोरूम के मालिक मृत्युंजय ने कहा कि 100 से अधिक दो पहिया वाहनों की बुकिंग अब तक हो चुकी है। टीवीसी शोरूम के मालिक रानू सरदार ने कहा कि अब तक 70 दो पहिया वाहन की बुकिंग अब तक हो चुकी है। आगे इसमें और तेजी आने की संभावना है। इसके अलावा होण्डा समेत अन्य एजेंसियों पर भी वाहनों की बुकिंग शुरू हो चुकी है।
बर्तन दुकानदार बोले, बिक्री पर महंगाई का नहीं पड़ेगा असर
धनतेरस पर्व पर लोगों की ओर से बर्तन की खरीदारी जमकर की जाती है। इसे देखते हुए अभी से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जगह-जगह बर्तनों की दुकानें सज गई हैं। शहजादपुर के बर्तन दुकानदार एके कसौधन ने कहा कि तांबे, पीतल व एल्युमीनियम के बर्तन के दाम में विगत वर्ष की तुलना में 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इसके बावजूद पर्व पर बर्तन की बिक्री अधिक होने की पूरी उम्मीद है। शहजादपुर के राकेश गुप्ता ने कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि बर्तन की बिक्री पर महंगाई का कोई असर नहीं पड़ेगा। पूरी उम्मीद है कि बड़ी संख्या में उपभोक्ता पहुंचकर बर्तन की खरीदारी करेंगे।