अंबेडकरनगर। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य शनिवार सुबह करीब 11 बजे जिले में पहुंचेंगे। वह करीब चार घंटे तक यहां रहेंगे। भीटी के ग्राम खजुरी में चौपाल लगाकर सुनवाई करेंगे। स्वयं सहायता समूह के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके लिए जिला मुख्यालय पर पार्टी पदाधिकारियों और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे।
डिप्टी सीएम सबसे पहले भीटी के काही में बने हेलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां से कार से खजुरी जाएंगे। ग्राम चौपाल और समूह की महिलाओं का सम्मेलन करेंगे। डिप्टी सीएम प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी देंगे।
साथ प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना के पांच-पांच लाभार्थियों को चाबियां देंगे। इसके बाद समूह की महिलाओं को रिवॉल्विंग और सीएलएफ फंड के करीब सात करोड़ रुपये के डेमो चेक प्रदान करेंगे। इसके बाद दुबाने का पूरा गांव में चल रही भागवत कथा में शामिल होंगे।
दोपहर 12:40 बजे डिप्टी सीएम का आगमन अकबरपुर हवाई पट्टी पर होगा। यहां से वह एक निजी कार्यक्रम में शिरकत करने अयोध्या मार्ग पर एक गेस्ट हाउस में जाएंगे। इसके बाद सर्किट हाउस में भाजपा पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे।
दोपहर करीब दो बजे कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के अधिकारियों के समीक्षा करेंगे और पत्रकारों से रूबरू होंगे। तैयारियों को लेकर डीएम अनुपम शुक्ला, एसपी अभिजीत आर. शंकर ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।