अंबेडकरनगर। सांसद लालजी वर्मा ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर संसदीय क्षेत्र की रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए 12 प्रमुख मांगें उठाई हैं। उन्होंने अयोध्या धाम और अकबरपुर से नई दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन चलाने, प्रमुख ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करने तथा रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं में वृद्धि की मांग की है।
सांसद ने पत्र में कहा कि अयोध्या धाम देश का प्रमुख धार्मिक स्थल होने के बावजूद अयोध्या, अकबरपुर और अंबेडकरनगर से नई दिल्ली के लिए कोई सीधी ट्रेन नहीं है। इससे यात्रियों को काफी असुविधा होती है। उन्होंने अकबरपुर जंक्शन, गोसाईंगंज, अयोध्या धाम और अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का विस्तार करने का अनुरोध किया।
उन्होंने अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर प्रतीक्षालय, एस्केलेटर, लिफ्ट, कोच इंडिकेटर लगाने तथा स्टेशन के पूर्वी छोर पर रेलवे क्रॉसिंग के स्थान पर अंडरपास के निर्माण की मांग की। साथ ही टांडा से प्रयागराज तक यात्री ट्रेन चलाने और कटेहरी, जाफरगंज तथा अलनाभारी रेलवे स्टेशनों पर पैसेंजर ट्रेन का ठहराव सुनिश्चित करने की बात कही।
अयोध्या से नई दिल्ली के लिए नई ट्रेन संचालित करने तथा मुंबई सुपरफास्ट का संचालन सप्ताह में कम से कम तीन दिन करने का भी अनुरोध किया।
उन्होंने वंदे भारत (गोमती नगर-लखनऊ–पटना), गरीब नवाज एक्सप्रेस, टाटा-अमृतसर एक्सप्रेस, दरभंगा-अहमदाबाद स्पेशल, गांधीधाम-कामाख्या एक्सप्रेस, भगत की कोठी-कामाख्या एक्सप्रेस और मेरठ-वाराणसी वंदे भारत सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर ठहराव देने की मांग की है।
इसके अलावा सांसद ने गोसाईंगंज रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 13237/38, 14649/50 और 18103/04 के ठहराव, लखनऊ-वाराणसी पैसेंजर व अयोध्या कैंट–पंडित दीनदयाल उपाध्याय पैसेंजर के पुनः संचालन तथा गोसाईंगंज स्टेशन पर प्लेटफॉर्म कोच डिस्प्ले और ट्रेन इंक्वायरी डिस्प्ले लगाने की भी मांग की है।