अंबेडकरनगर। जिले में डीएलएड तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा 24 से 26 सितंबर तक 11 केंद्रों पर कराई जाएगी। परीक्षा में कुल 4639 विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा नियामक प्राधिकारी प्रयागराज की ओर से केंद्रों का निर्धारण किए जाने के बाद डायट कार्यालय ने केंद्रों की सूची जारी कर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।
जिले में डीएलएड की परीक्षाएं 21 सितंबर से शुरू होकर 26 सितंबर तक चलेंगी। पहले चरण में 21 से 23 सितंबर तक प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा आठ केंद्रों पर होगी। इसके बाद 24 सितंबर से तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा शुरू होगी। परीक्षा प्रभारी प्रवक्ता श्याम बिहारी बिंद ने बताया कि तृतीय सेमेस्टर के सभी केंद्रों पर परीक्षार्थियों की संख्या का निर्धारण भी परीक्षा नियामक प्राधिकारी स्तर से किया गया है।
तृतीय सेमेस्टर के लिए एचटी इंटर कॉलेज टांडा में 504, कौमी इंटर कॉलेज टांडा में 384, मिश्रीलाल आर्य कन्या इंटर कॉलेज टांडा में 384, आदर्श जनता इंटर कॉलेज टांडा में 384, डॉ. गणेश कृष्ण जेटली इंटर कॉलेज अकबरपुर में 312, बीएन इंटर कॉलेज अकबरपुर में 480, रामदेव जनता इंटर कॉलेज कटेहरी में 360, श्री हीरालाल जायसवाल इंटर कॉलेज किछौछा में 432, रामअवध जनता इंटर कॉलेज बरियावन में 384 और नरेंद्र देव इंटर कॉलेज जलालपुर में 504 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। डायट प्राचार्य ब्रजेश उपाध्याय ने बताया कि परीक्षा शुरू होने के निर्धारित समय से 30 मिनट पहले केंद्र का मुख्य गेट बंद कर दिया जाएगा।