अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर रविवार को अपनी-अपनी ट्रेनों का इंतजार करते यात्री।
अंबेडकरनगर। होली के बाद कामगारों और नौकरीपेशा लोगों की अपने कार्यस्थलों की ओर वापसी शुरू हो गई है। इस बीच ट्रेनों की लेटलतीफी यात्रियों की परेशानी बढ़ा रही है। रविवार को कई ट्रेनें देरी से पहुंचीं, जिससे यात्रियों को स्टेशन पर इंतजार करना पड़ा। रेलवे स्टेशन पर सुबह से ही यात्रियों की भीड़ दिखाई दी। बड़ी संख्या में लोग दिल्ली, लखनऊ, गुजरात और अन्य शहरों की ओर जाने के लिए स्टेशन पहुंचे थे, लेकिन कई ट्रेनों के देर से आने के कारण यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।
रविवार को दरभंगा-साबरमती एक्सप्रेस करीब दो घंटे 24 मिनट की देरी से पहुंची। मरुधर एक्सप्रेस एक घंटे 47 मिनट देर से आई। वहीं इंदौर-पटना एक्सप्रेस (19321) एक घंटे 42 मिनट की देरी से स्टेशन पहुंची।इसके अलावा जम्मू तवी एक्सप्रेस एक घंटे 17 मिनट, लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस एक घंटे 24 मिनट और गुवाहाटी-द्वारिका एक्सप्रेस एक घंटे नौ मिनट की देरी से पहुंची। दून एक्सप्रेस (13010) करीब आधे घंटे देर से आई। कैफियत एक्सप्रेस, गंगा सतलज एक्सप्रेस और बरेली एक्सप्रेस भी करीब आधे घंटे से अधिक देरी से स्टेशन पहुंचीं।ट्रेनों के देरी से आने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग अपने गंतव्य तक समय पर पहुंचने को लेकर चिंतित दिखाई दिए। दिल्ली जाने के लिए स्टेशन पहुंचे अलीगंज के राजेश कुमार ने बताया कि उन्हें सुबह की ट्रेन से निकलना था, लेकिन ट्रेन लेट होने से काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। त्योहार के बाद पहले ही भीड़ अधिक रहती है, ऐसे में ट्रेन लेट होने से दिक्कत बढ़ जाती है। वहीं, अकबरपुर के रम्मनपुर निवासी अमित वर्मा ने कहा कि वह काम के लिए बाहर जा रहे हैं। ट्रेन के देरी से आने के कारण उन्हें स्टेशन पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।
बॉक्स
लाइन नंबर दो पर ब्लॉक डिस्ट्रेसिंग का कार्य
अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर रविवार को लाइन नंबर दो पर ब्लॉक डिस्ट्रेसिंग का कार्य किया गया। यह कार्य दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक चला। इस दौरान स्टेशन से गुजरने वाली नॉन-स्टॉपेज ट्रेनों का आवागमन प्रभावित रहा। स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि पटरी के रखरखाव और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कार्य कराया गया।