अंबेडकरनगर जिला अस्पताल में भर्ती तेज बुखार से पीड़ित वृद्ध।
- फोटो : अमर उजाला
थाना क्षेत्र भीटी अंतर्गत उमरावां गांव निवासिनी तेज बुखार से पीड़ित किशोरी की सीएचसी भीटी में इलाज के दौरान बुधवार देर रात मौत हो गई। घटना से परिवारीजनों में रोना-पीटना मचा हुआ है। उधर, तेज बुखार से पीड़ित तीन नए मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हुए। इनमें एक की हालत गंभीर होने पर उसे फैजाबाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
भीटी प्रतिनिधि के अनुसार थाना क्षेत्र अंतर्गत उमरावां गांव निवासी मुस्तफा की 12 वर्षीय पुत्री शाजिया को तेज बुखार की चपेट में आने के बाद बुधवार दोपहर परिवारीजनों ने सीएचसी भीटी में भर्ती कराया था। देर रात लगभग 11 बजे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। परिवारजनों के अनुसार वह डेंगू से पीड़ित थी लेकिन स्वास्थ्य अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
घटना से परिवारीजनों में रोना-पीटना मचा हुआ है। उधर, तेज बुखार से पीड़ित तीन नए मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हुए। जानकारी के अनुसार अकबरपुर थाना अंतर्गत मोहिउद्दीनपुर गांव निवासी रामजगत की 12 वर्षीय पुत्री रोली को बुधवार देर शाम तेज बुखार चढ़ गया।
स्थानीय इलाज के बाद गुरुवार सुबह उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, मालीपुर थाना अंतर्गत पिपरी गांव निवासी सुलेमान (28) पुत्र असगर को भी गुरुवार सुबह तेज बुखार की चपेट में आने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उधर, फैजाबाद जनपद के गोशाईगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गोशाईगंज निवासी सुदामा (35) पत्नी राजू को गुरुवार सुबह तेज बुखार की चपेट में आने के बाद जिला अस्पताल अंबेडकरनगर में भर्ती कराया गया। यहां से उसे जिला अस्पताल फैजाबाद रेफर कर दिया गया। इस बीच सीएमओ मोहिबुल्लाह ने बताया कि डेंगू रोग से किसी मरीज की मौत नहीं हुई है। आवश्यक एहतियात बरती जा रही है।