शुक्रवार आधी रात बाद आई आंधी-पानी ने जिले में जमकर तबाही मचाई। एक तरफ जहां छप्पर व दीवार के मलबे में दबकर पांच वर्षीय मासूम बालक समेत 60 वर्षीय महिला की अलग-अलग हादसों में मौत हो गई, वहीं विभिन्न थाना क्षेत्रों में 10 से अधिक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
सैकड़ों की संख्या में पेड़ धराशायी हो जाने से जहां-तहां आवागमन प्रभावित हुआ तो वहीं विद्युत खंभे व तार भी पेड़ों की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गए। आंधी-पानी ने शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को भारी नुकसान पहुंचाया। जलालपुर प्रतिनिधि के अनुसार सम्मनपुर थाना क्षेत्र के ऐंदलपुर गांव निवासी पिंटू के घर की एक दीवार भरभराकर उस समय ढह गई, जब वे सब सो रहे थे।
नतीजतन पिंटू (40) के अलावा उनकी पत्नी सुमन (35) तथा पांच वर्षीय पुत्र रजनीश मलबे में दब गए। जब तक मौके पर पहुंचे ग्रामीण मलबा हटाते तब तक रजनीश की मौत हो चुकी थी। पिंटू व सुमन को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उधर जलालपुर थाना क्षेत्र के जीवत गांव में सोते समय छप्पर ढह जाने से सरस्वती (60) पत्नी पूर्णमासी की मौके पर ही मौत हो गई।
इसके अलावा छप्पर गिरने से भीटी थाना क्षेत्र के समंथा गांव में जयराम (65) टांडा के बसदहां गांव में द्रोपदी (72) घायल हो गईं। पेड़ गिरने से फैजाबाद जनपद के तारुन निवासी श्यामलाल (42), टांडा के भोजपुर निवासी घनश्याम (45) घायल हो गए। टीनशेड गिरने से मंगुराडिला सम्मनपुर निवासिनी संगीता (40), भुइता देवी (60), मालीपुर निवासिनी केसरा देवी (77) तथा अकबरपुर थाना अंतर्गत कोटवा महमदुपर निवासी रामगोपाल (80) गंभीर रूप से घायल हो गए। इन सभी घायलों को भी एंबुलेंस व अन्य वाहनों से जिला अस्पताल भर्ती कराया गया।
सभी की हालत खतरे के बाहर बताई जाती है। शुक्रवार रात आई आंधी ने कई जगह पेड़ों व भवनों समेत टीनशेड को धराशायी कर दिया। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के इटरौरा में एक पोल्ट्री फार्म ढह गया। बताया जाता है कि इटरौरा निवासी आजम ने गांव में ही पोल्ट्री फार्म खोल रखा है। आंधी ने फार्म को काफी हद तक धराशायी कर दिया। इसमें दबकर कई मुर्गियों की मौत हो गई।
जानकारी मिलने के बाद पशु चिकित्साधिकारी के साथ ही वित्तीय सहायता देने वाले संबंधित बैंक के अधिकारी व कर्मचारी भी पहुंचे व छानबीन की। उधर इसी थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर में बीआरबी एकेडमी में चार कक्षाओं के सामने बना टीनशेड ढह जाने से वहां खड़ी एक जीप क्षतिग्रस्त हो गई।
इल्तिफातगंज चौराहे पर एक विशाल पेड़ धराशायी हो जाने से घंटों मार्ग अवरुद्ध रहा। आसपास के कई अन्य क्षेत्रों में भी पेड़ गिरने तथा टीनशेड धराशायी हो जाने की घटना हुई है। उधर टांडा तहसील के अलीगंज में रामछैल वर्मा का टीनशेड क्षतिग्रस्त हो जाने से उनका एक गोदाम प्रभावित हो गया तो वहीं सद्दरपुर व अरियाबाजार में भी कई जगह टीनशेड व छप्पर उखड़ गए। जलालपुर, भीटी व आलापुर तहसील प्रतिनिधियों के अनुसार क्षेत्र में कई जगहों पर छप्पर व टीनशेड गिरने व उखड़ने की घटनाएं हुई हैं। इन घटनाओं से ग्रामीणों में अनहोनी को लेकर दहशत का माहौल दिखा।