अंबेडकरनगर। बेवाना थाना अन्तर्गत किशुनीपुर में आयोजित जन्मदिन कार्यक्रम में भाग लेने गए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में छानबीन शुय कर दी है।
जानकारी के अनुसार बेवाना थाना अन्तर्गत बनवां गांव निवासी अभिषेक (22) पुत्र ओमप्रकाश शुक्रवार देर शाम इसी थाना अन्तर्गत किशुनीपुर गांव में आयोजित एक जन्मदिन पार्टी में भागीदारी करने गया हुआ था। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार कार्यक्रम में खानपान के कुछ देर बाद ही अचानक उसकी तबियत खराब हो गई। उसे उल्टी होने लगी। इससे पहले कि उसका इलाज सुनिश्चित कराया जाता, वह बेहोश होकर गिर पड़ा। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई।
आननफानन में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस बीच सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी। मामले में छानबीन की जा रही है। बताया कि मामले में किसी प्रकार की तहरीर नहीं मिली है। (संवाद)