जहांगीरगंज। बीते दिनों शॉर्ट सर्किट से लगी आग की चपेट में आकर झुलसी व्यवसायी की पत्नी की इलाज के दौरान लखनऊ में मौत हो गई। इससे परिजनों में मातम छा गया। वहीं पत्नी को बचाने के दौरान झुलसे व्यवसायी का इलाज चल रहा है।
गौरतलब है कि बीते मंगलवार को जहागीरगंज थाना क्षेत्र के जहांगीरगंज कस्बा निवासी युवा व्यवसायी दीपक मौर्य के घर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई थी। विद्युत उपकरणों को बंद करने के चक्कर में व्यवसायी की पत्नी ममता आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई थी। हल्ला गुहार सुन मौके पर पहुंचा दीपक भी आग बुझाने के दौरान झुलस गया। हालांकि बाद में स्थानीय नागरिकों व पुलिस कर्मियों ने किसी तरह से मिलकर आग पर काबू पा लिया था।
गंभीर रूप से झुलसी ममता को सीएचसी जहांगीरगंज ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में व्यवसायी दंपती को इलाज के लिए लखनऊ ले जाया गया, जहां दोनों का इलाज चल रहा था। इस बीच गुरुवार रात इलाज के दौरान ममता की मौत हो गई। इससे परिजनों में मातम छा गया। वहीं व्यवसायी का इलाज जारी है।