जलालपुर। दो दिन पूर्व घर से निकले किशोर का शव मंगलवार सुबह तमसा नदी में उतरा मिला। पुलिस ने शव का पंचनामा कर परिवारीजनों को सौंप दिया। बताते चलें कि रविवार सुबह दस बजे कोतवाली क्षेत्र के नगपुर निवासी मोहम्मद आलम का 13 वर्षीय पुत्र मोहम्मद असगर घर से बाहर निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा था। घरवालों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका था। इस बीच एक दिन पहले सोमवार सुबह गांव से कुछ दूरी पर तमसा नदी के किनारे किशोर की चप्पल व कपड़े मिले थे।
नदी में डूबने की आशंका में सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से खोजबीन की शुरू की, लेकिन देर शाम तक सफलता नहीं मिली। अंधेरा हो जाने के चलते सोमवार देर शाम खोजबीन का कार्य रोक दिया गया। मंगलवार सुबह एक बार फिर खोजबीन शुरू हुई। इस बीच गांव से करीब तीन किमी. दूर बदरुद्दीनपुर गांव के पास नदी में बालक का शव उतराता मिला। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव बाहर निकाला। शव का पंचनामा कर बाद में परिवारीजनों को सौंप दिया गया।