अंबेडकरनगर। दोस्तों के साथ 20 जुलाई को घर से निकले युवक का शव मंगलवार दोपहर जैतपुर के अमोला घाट के पास तमसा नदी में उतराता मिला। युवक की लाश सड़ गई थी, मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने युवक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
कटका थाने के बड़ाह खुर्द गांव के बखेड़ू के मुताबिक उनका बेटा मूलचंद गांव के ही सलाहुद्दीन व अकरम के साथ 20 जुलाई को जौनपुर गया था। देर रात सलाहुद्दीन और अकरम तो घर लौट आए, लेकिन मूलचंद वापस नहीं आया। चिंतित परिवारजन ने मूलचंद को कॉल की। मूलचंद ने बताया कि वह रास्ते में है, जल्दी ही घर आ जाएगा। घरवालों ने कुछ समय बीतने के बाद फिर फोन किया, लेकिन तब उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया था। देर रात मूलचंद का मोबाइल ऑन हुआ। घरवालों ने काॅल की तो किसी अनजान व्यक्ति ने फोन रिसीव किया और बताया कि बंदीपुर पुल के पास मूलचंद बेहोश पड़ा है। रात में ही घरवाले बंदीपुर पहुंचे, लेकिन मूलचंद वहां नहीं मिला। उसकी बाइक बाग में खड़ी थी।
परिजनाें ने अनहोनी की आशंका जताते हुए कटका थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मंगलवार दोपहर युवक का तमसा नदी में शव मिलने के बाद घर में कोहराम मच गया। युवक का शव सड़ चुका था, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि दो दिन पहले उसकी मौत हुई होगी। मूलचंद के कपड़ों से उसकी पहचान की गई। युवक के घरवालों ने अज्ञात लाेगों पर हत्या की आशंका जताते हुए जैतपुर थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष वंदना अग्रहरि ने बताया कि शव को नदी से निकालकर पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।