अंबेडकरनगर। हंसवर थाना क्षेत्र के मोमिनपुर नरायनपुर गांव में रविवार को एक युवक का शव घर में ही संदिग्ध हालात में मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीणों के मुताबिक युवक के मुंह से झाग निकल रहा था। ऐसे में आशंका है कि उसने कोई विषाक्त पदार्थ खा लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मोमिनपुर नरायनपुर गांव में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब लोगों को पता चला कि गांव निवासी लालू यादव (40) की मौत हो गई है। उसका शव संदिग्ध हालात में बिस्तर पर पड़ा मिला। उनके एक रिश्तेदार ने मामले की सूचना हंसवर पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस टीम गांव पहुंची। बताया जाता है कि लालू यादव का पैतृक घर सम्मनपुर थाना क्षेत्र के कटुई जोरियन गांव में है।
मोमिनपुर नरायनपुर में उसकी ससुराल है और वह यहां वर्षों से अपना निजी घर बनवाकर रह रहा था। हंसवर थानाध्यक्ष विजय प्रताप तिवारी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच की जा रही है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।