राजेसुल्तानपुर। घर से निकले युवक का शव नाले में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार मामले में छानबीन की जा रही है। वहीं युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
मामला राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के टड़वा जलाल गांव का है। गांव निवासी अशोक (45) पुत्र विशुन देव मंगलवार दोपहर करीब घर से निकले थे। बाद में उनका शव ग्रामीणों ने गांव के बाहरी छोर स्थित नाले के पास पड़ा देखा। शव मिलने की सूचना पर सनसनी फैल गई। ग्रामीण व परिजन मौके पर पहुंचे तो अशोक का शव नाले के किनारे पड़ा था। यह देख परिजनों में चीख पुकार मच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के मुताबिक अशोक मंगलवार दोपहर घर से निकले थे। यह घटना कैसे हो गई, यह समझ में नहीं आ रहा। थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। छानबीन की जा रही है। (संवाद)