अंबेडकरनगर। बेवाना क्षेत्र बनकटा सिसवा में मामूली विवाद के दौरान बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे ससुर झिन्नू निषाद ने अपनी बहू निर्मला की डंडे से पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बेवाना क्षेत्र के बनकटा निवासी 40 वर्षीय निर्मला और उनके ससुर झिन्नू निषाद के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान झिन्नू निषाद ने गुस्से में आकर निर्मला के सिर पर डंडे से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि झिन्नू शराब के नशे में था। गंभीर रूप से घायल निर्मला को उनके पति गिरदावर ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां इलाज के दौरान निर्मला की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका के पिता रामजनम निवासी खुरचा की तहरीर पर आरोपी ससुर झिन्नू निषाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बताया जा रहा है कि मृतका की शादी करीब 20 वर्ष पूर्व गिरदावर से हुई थी। उनके दो बच्चे भी हैं। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। थाना प्रभारी सर्वदमन सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। कार्रवाई की जा रही है।