सुलेमपुर। टांडा कोतवाली क्षेत्र के दौलतपुर हाजलपट्टी गांव में स्थित साधन सहकारी समिति का ताला तोड़कर चोरों ने 182 बोरी डीएपी खाद पार कर दी। इसकी कीमत करीब दो लाख, 18 हजार, 400 रुपये बताई जा रही है। केंद्र प्रभारी को इसकी जानकारी सोमवार सुबह हो सकी। बाद में प्रभारी ने टांडा कोतवाली पुलिस को मामले की सूचना दी। जानकारी मिलते ही टांडा कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक छानबीन की। केंद्र प्रभारी ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध तहरीर देकर केस दर्ज कराने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार टांडा कोतवाली क्षेत्र के दौलतपुर हाजलपट्टी ग्राम पंचायत में साधन सहकारी समिति स्थापित है। इसे धान क्रय केंद्र भी बनाया गया है। समिति के गोदाम में डीएपी खाद रखी गई थी। बीती रात चोरों ने गोदाम का ताला तोड़ दिया। इसके बाद वहां रखी 182 बोरी डीएपी खाद पार कर दी। इसकी जानकारी समिति प्रभारी हरिनाथ वर्मा को सोमवार सुबह हुई।
करीब नौ बजे वह साधन सहकारी समिति पहुंचे तो देखा कि गोदाम का ताला टूटा है। शटर उठाकर अंदर गए तो वहां का नजारा देख सन्न रह गए। गोदाम से अधिकांश डीएपी खाद की बोरी गायब थी। उन्हें तत्काल इसकी सूचना टांडा कोतवाली पुलिस को दी। जानकारी मिलने पर टांडा कोतवाली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। साधन सहकारी समिति में चोरी होने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकजुट हो गए।
बाद में स्टॉक मिलान हुआ तो गोदाम में सिर्फ 21 बोरी डीएपी खाद बची थी। 182 बोरी खाद चोरों ने पार कर दिया था। बताया जाता है कि इसकी कीमत करीब 2 लाख 18 हजार 400 रुपए हैं। बाद में केंद्र प्रभारी ने टांडा कोतवाली में अज्ञात चोरों के विरुद्ध तहरीर दी। कोतवाल संजय पाण्डेय ने बताया कि घटना की जानकारी है। मामले में छानबीन की जा रही है।