अंबेडकरनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में बुधवार शाम जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। आशा कार्यककर्ताओं के प्रोत्साहन भुगतान में विलंब पर डीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने जिला लेखा प्रबंधक (डीएएम) का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने तथा संविदा समाप्ति पर विचार के लिए स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। साथ ही आशा कार्यकर्ताओं का बकाया भुगतान तत्काल करने के लिए निर्देशित किया।
डीएम ने वेक्टर जनित रोगों, विशेष रूप से मलेरिया और डेंगू की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के लिए कहा। जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि जिन गांवों में डेंगू के मरीज मिले हैं, वहां प्राथमिकता पर फॉगिंग कराई जाए। सभी पीगरी फार्म संचालकों का जेई (जापानी इंसेफ्लाइटिस) परीक्षण कराया जाए। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को आदेश दिया कि जो पीगरी फार्म आबादी क्षेत्र के नजदीक हैं, उन्हें शीघ्र आबादी से दूर स्थानांतरित किया जाए। सीएमओ डॉ. संजय कुमार शैवाल ने बताया कि जिले में सभी आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। बैठक में सीएमएस जिला चिकित्सालय डॉ. पीएन यादव, डीपीआरओ सर्वेश पांडेय सहित अन्य अफसर मौजूूद रहे।