बुधवार दोपहर को तेज धूप से बचने के लिए दुपट्टे से सिर ढक कर निकलते लोग। संवाद
अंबेडकरनगर। जिले में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप बढ़ने से जनजीवन बेहाल हो गया है। अप्रैल में ही जून जैसी तपिश का अहसास हो रहा है बुधवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 16 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली गर्म हवा के कारण दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। इस मौसम का सीधा असर सेहत पर दिख रहा है, जिससे जिला अस्पताल की इमरजेंसी में उल्टी-दस्त, बुखार और पेट दर्द के मरीजों की तादाद बढ़ गई है।
सुबह दस्त आने की शिकायत पर छोटकुन निवासी मजीसा, भुवनपुर निवासी यशोदा, कन्नूपुर निवासी अंजू को खून की कमी, मुबारकपुर निवासी मेवालाल व सुभांगी देवी को बुखार व बहनकपुर निवासी सरवन, लोरपुर निवासी सुशीला, धिरकापुर निवासी आदित्य को पेट दर्द के कारण भर्ती कराया गया। इसके अलावा देवरी निवासी फूलकली, लालामहमदपुर निवासी अवधेश कुमार व पनिहरा निवासी प्रेम कुमार को दस्त व उल्टी के कारण भर्ती कराया गया। डॉ. विवेक पांडेय द्वारा इन मरीजों का उपचार दिया गया।
दूसरी ओर बढ़ती गर्मी कृषि के लिए भी चुनौती बन गई है। कृषि विज्ञान केंद्र पांती के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. रामजीत ने बताया कि तापमान बढ़ने से सब्जी की फसलों में कीटों का हमला तेज हो सकता है। उन्होंने किसानों को फसलों को बचाने के लिए खेतों में निरंतर नमी बनाए रखने की सलाह दी है।
सामान्य से तीन से चार डिग्री अधिक रहेगा तापमान
आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज, अयोध्या के मौसम वैज्ञानिक डॉ. सीताराम मिश्र के अनुसार, अगले 24 घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। उन्होंने बताया कि औसत तापमान सामान्य से 3-4 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है। साथ ही, इस दौरान सामान्य से तेज गति वाली पश्चिमी हवा (लू) चलने की संभावना है।