हजपुरा/ सद्दरपुर। सम्मनपुर के सिसारा गांव में शनिवार देर रात पोल्ट्री फार्म में लगे पंखे में करंट उतर आया। उसकी चपेट में आकर वहां काम करने वाले युवक की मौत हो गई।
उन्नाव जिले के अचलगंज थाने के सुलेमपुर निवासी दीपक (27) अपनी पत्नी कोमल और तीन वर्षीय बेटे आदित्य व एक वर्षीय बेटे अरुण के साथ सिसारा गांव निवासी रोहित चौधरी के पोल्ट्री फार्म पर पिछले दस माह से नौकरी कर रहे थे। वे पोल्ट्री फार्म के पास बने मकान में ही रहते थे। शनिवार को काम निपटाने के बाद दीपक रात में खाना खाकर कमरे में सो गए थे। देर रात पानी पीने के लिए उठे तो कमरे में लगे पॉलिस्टर फैन के तार पर उनका पैर पड़ गया। बिजली का तार कटा हुआ था, वह उसकी की चपेट में आ गए।
रविवार भोर जब चारा गाड़ी का चालक दीपक के कमरे पर पहुंचा और आवाज लगाई, तो पत्नी कोमल ने बताया कि उनके पति पोल्ट्री फार्म पर गए हुए हैं। चालक ने बताया कि पोल्ट्री फार्म पर ताला लगा है। इसके बाद दोनों दीपक की तलाश में जुट गए। जब पत्नी ने कमरे के अंदर जाकर देखा तो दीपक तख्त के नीचे बेसुध पड़े मिले। आननफानन घटना की जानकारी पोल्ट्री फार्म के मालिक रोहित चौधरी को देने के साथ ही उन्हें लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया।
पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी कोमल अचेत हो गईं, जबकि दोनों बेटों का रो-रोकर बुरा हाल है। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद दीपक के शव को निजी वाहन से परिवार के साथ उन्नाव के लिए रवाना कर दिया गया, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।