अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल को 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने के लिए कोटवा महमदपुर उपकेंद्र से अस्पताल तक बिछा अंडरग्राउंड केबल बृहस्पतिवार देर शाम एक बार फिर तीन स्थान पर फुंक गया। वीआईपी फीडर से बिजली उपलब्ध कराकर जिला अस्पताल में अन्य कार्य तो हुआ लेकिन सीटी स्कैन जांच प्रभावित हुई। शुक्रवार को सुबह से ही गड़बड़ी दूर करने के लिए पावर कार्पोरेशन की टीम जुटी रही।
मालूम हो कि जिला अस्पताल को बिजली उपलब्ध कराने के लिए कोटवा महमदपुर उपकेंद्र से अंडरग्राउंड केबल के माध्यम से बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। अंडर ग्राउंड केबल के क्षतिग्रस्त होने या फिर अन्य किसी प्रकार की गड़बड़ी की दशा में वैकल्पिक रूप से वीआईपी फीडर से भी बिजली उपलब्ध कराई जाती है।
इस बीच बृहस्पतिवार देर शाम अंडरग्राउंड केबल जिला अस्पताल परिसर में, कलेक्ट्रेट के निकट व राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के निकट जल गई। इससे कोटवा महमदपुर से होने वाली बिजली आपूर्ति ठप हो गई। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत वीआइपी फीडर से जोड़कर आपूर्ति शुरू कर दी गई।
समुचित वोल्टेज न मिलने के चलते सीटी स्कैन जांच का काम शुक्रवार को लगभग पूरी तरह से प्रभावित रहा। इससे सीटी स्कैन कराने पहुंचे लगभग 15 मरीजों को मायूस होकर लौटना पड़ा। उधर अधिशाषी अभियंता विद्युत अनूप कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को सुबह ही कर्मचारियों ने पहुंचकर गड़बड़ी दुरुस्त करने को काम प्रारंभ कर दिया। जल्द ही गड़बड़ी दूर कर ली जाएगी।