अंबेडकरनगर। जिले के 46 हजार गन्ना किसानों के लिए खुशखबरी है। 15 नवंबर के बाद अकबरपुर चीनी मिल मिझौड़ा में पेराई सत्र प्रारंभ हो जाएगा। किसानों को गन्ने की बिक्री करने में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए कुल 37 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। इस वर्ष 23 हजार हेक्टेअर क्षेत्रफल में गन्ने की बोआई की गई है।
गन्ना किसानों को अब उपज की बिक्री को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है। 15 नवंबर के बाद अकबरपुर चीनी मिल मिझौड़ा में पेराई सत्र प्रारंभ हो जाएगा। गौरतलब है कि जिले में 23 हजार हेक्टेअर क्षेत्रफल में 46 हजार किसानों ने गन्ने की बोआई की है। अब जबकि फसल पूरी तरह तैयार हो चुकी है तो किसानों में बिक्री को लेकर चिंता होने लगी है।
हालांकि इन सबके बीच अकबरपुर चीनी मिल मिझौड़ा ने किसानों को बड़ी राहत दी है। 15 नवंबर के बाद कभी भी चीनी मिल में पेराई सत्र प्रारंभ हो जाएगा। सहायक महाप्रबंधक अरविंद सिंह ने बताया कि किसानों को गन्ना बेचने के लिए इधर-उधर न भटकना पड़े, इसके लिए जिले में कुल 37 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। चीनी मिल परिसर की भी साफ-सफाई तेज कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि किसानों को पर्ची के लिए परेशान न होना पड़े, इसके लिए विगत वर्ष की तरह ही इस बार भी उनके मोबाइल पर एसएमएस के जरिए पर्ची पहुंच जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि उपज की बिक्री करने को लेकर तनिक भी परेशान न हों। चीनी मिल में पेराई तभी बंद होगी जब सभी किसानों का गन्ना खरीद लिया जाएगा।